बैंक से लौटती महिला बनी टप्पेबाजों का शिकार, आगरा के खंदौली में 10 हजार रुपये व सोने के कुंडल उड़ाए
आगरा। जनपद के खंदौली कस्बे में सोमवार को दिनदहाड़े बैंक से घर लौट रही एक महिला को बाइक सवार दो युवकों ने निशाना बना लिया। चंद मिनटों में ठगों ने टप्पेबाजी कर महिला से नकदी और सोने के जेवर उतरवा लिए और फरार हो गए। वारदात के बाद इलाके में दहशत फैल गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
बैंक का काम अधूरा, वापसी में रास्ते में हो गई वारदात
थाना खंदौली क्षेत्र के पलटू की प्याऊ, गोविन्दपुर निवासी 54 वर्षीय अंजू शर्मा पत्नी स्व. अनिल शर्मा सोमवार को कस्बा स्थित पंजाब नेशनल बैंक पहुंची थीं। खाते से जुड़े कागजात तो जमा हो गए, लेकिन साथ लाई गई दस हजार रुपये की रकम जमा नहीं हो सकी। बैंककर्मियों ने अगले दिन आने की बात कही, जिसके बाद वह पैदल ही घर के लिए निकल पड़ीं।
सीएचसी के पास बाइक सवारों ने रोका
जैसे ही अंजू शर्मा आगरा–अलीगढ़ मार्ग पर सीएचसी खंदौली के पास पहुंचीं, वहां पहले से खड़ी बाइक पर सवार दो युवकों ने उन्हें रोक लिया। बातों में उलझाकर दोनों ने टप्पेबाजी की और महिला से दस हजार रुपये नकद तथा कानों के सोने के कुंडल उतरवा लिए। इसके बाद आरोपी तेज़ी से बाइक लेकर मौके से फरार हो गए।
घटना से सहमी महिला किसी तरह अपने घर पहुंची और परिजनों को आपबीती बताई। परिजन तुरंत महिला को लेकर थाने पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना खंदौली पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों व अन्य सुरागों के आधार पर जांच शुरू कर दी।
प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र वशिष्ठ ने बताया कि बाइक सवारों द्वारा महिला के साथ टप्पेबाजी की घटना सामने आई है। पीड़िता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है और आरोपियों की तलाश के लिए टीमें गठित की गई हैं। दूसरी ओर यह भी कहा जा रहा है कि पुलिस ने दबाव में लेकर कम रकम लिखवाई है।