आगरा में महिला की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या, पति से अलग रह रही थी, कोर्ट से लौटते समय जान ली

आगरा। आगरा से कोर्ट से तारीख निपटाकर लौट रही एक महिला की निबोहरा क्षेत्र में गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतका लगभग 28 वर्षीय मंजू फतेहाबाद के मनोज की पत्नी थी, जो पति से अलग मायके में रह रही थी।  मंजू की सारंगपुर गांव के पास तब की गई जब वह पैदल-पैदल अपने मायके जा रही थी। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

Jul 18, 2025 - 18:56
Jul 18, 2025 - 19:02
 0
आगरा में महिला की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या, पति से अलग रह रही थी, कोर्ट से लौटते समय जान ली
निबोहरा क्षेत्र में सड़क किनारे पड़ा मंजू का शव और मौके पर एकत्रित भीड़।

-मृतका मंजू के पति मनोज ने दूसरी शादी कर ली थी, मृतका ने पति पर गुजारा भत्ता का केस डाला था 

जानकारी के अनुसार, मंजू का मायका गढ़ी केसरी, थाना निबोहरा में है। उसकी शादी फतेहाबाद के एक मोहल्ले में रहने वाले मनोज से हुई थी। मंजू के रहते हुए मनोज ने दूसरी शादी कर ली थी और वह मंजू को गुजारा भत्ता भी नहीं दे रहा था। पति के दूसरी शादी करने के बाद मंजू अपने मायके गढ़ी केसरी में रहने लगी थी और गुजारा भत्ता के लिए उसने कोर्ट में केस किया हुआ था। इसी केस की तारीख के लिए वह आज आगरा आई थी। यहां से वह अपने मायके लौटने के लिए बस से फतेहाबाद पहुंची।

फतेहाबाद से गढ़ी केसरी के लिए आने-जाने के लिए कोई साधन नहीं है, इसलिए मंजू फतेहाबाद से पैदल-पैदल ही गांव की ओर जा रही थी। इसी दौरान सारंगपुर के पास उसे गोली मार दी गई, जिससे, मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

पुलिस प्रथम दृष्टया पति मनोज को लेकर ही जांच कर रही है। घटना के बाद से आरोपी पति को तलाशा जा रहा है। थाना निबोहरा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हत्या के आरोप में मनोज की तलाश तेज कर दी गई है। महिला के परिजनों ने भी पति मनोज पर ही शक जताया है।

बेटी की हत्या की सूचना मिलने पर मंजू के मायके के लोग मौके पर पहुंचे। परिजन दहाड़ें मार-मारकर रो रहे थे। घटना से नाराज़ परिजनों और ग्रामीणों ने कड़ी कार्रवाई और आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। महिला की हत्या से पूरे इलाके में आक्रोश है। पुलिस बल तैनात किया गया है और जांच जारी है।

एसीपी फतेहाबाद अमरदीप लाल ने बताया कि पुलिस को सारंगपुर रोड पर महिला का शव पड़े होने की सूचना साढ़े चार बजे मिली थी। पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची थी। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि मृतका का अपने पति से विवाद चल रहा था, इसलिए पति द्वारा ही मंजू की हत्या किया जाना प्रतीत हो रहा है। 

SP_Singh AURGURU Editor