आगरा में महिला की निर्मम हत्या, खंदौली क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेस-वे के किनारे मिला शव, पुलिस पहचान करने में जुटी

आगरा जनपद के थाना खंदौली क्षेत्र अंतर्गत यमुना एक्सप्रेस-वे पर मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब सड़क किनारे कंबल में लिपटा एक अज्ञात महिला का शव पड़ा मिला। महिला की बेरहमी से हत्या कर शव को सुनसान स्थान पर फेंके जाने की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

Feb 6, 2026 - 20:58
 0
आगरा में महिला की निर्मम हत्या, खंदौली क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेस-वे के किनारे मिला शव, पुलिस पहचान करने में जुटी

आगरा। यमुना एक्सप्रेस-वे के खंदौली थाना क्षेत्र में आज राहगीरों ने सड़क किनारे कंबल में लिपटा शव देखा, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने कंबल हटवाकर देखा तो करीब 30 वर्षीय अज्ञात महिला का शव बरामद हुआ।

खंदौली क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेस-वे के किनारे मिला अज्ञात महिला का शव, जिसकी हत्या की गई है।

पुलिस के अनुसार महिला के गले और शरीर के विभिन्न हिस्सों पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं, जिससे साफ है कि महिला की हत्या बेहद निर्ममता से की गई है। प्रथम दृष्टया आशंका जताई जा रही है कि महिला की कहीं और हत्या कर शव को पहचान छिपाने के उद्देश्य से यमुना एक्सप्रेस-वे पर फेंका गया।

घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी और थाना खंदौली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल को घेराबंदी कर सुरक्षित किया और आसपास के क्षेत्र में शव की शिनाख्त के प्रयास शुरू कर दिए।

पुलिस द्वारा एक्सप्रेस-वे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि शव किस वाहन से लाया गया और किस समय यहां फेंका गया। इसके साथ ही आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्टों को भी खंगाला जा रहा है।

महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, ताकि मौत के सही कारण, समय और हत्या के तरीके का खुलासा हो सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।

SP_Singh AURGURU Editor