आगरा में दिनदहाड़े महिला से चेन लूट, सीसीटीवी में कैद आरोपी की चार घंटे में गिरफ्तारी
आगरा। ग्वालियर रोड के रोहता चौराहा क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई चेन स्नैचिंग की घटना ने इलाके में हलचल मचा दी। बाइक सवार युवक ने महिला सीमा से पीछे से आकर सोने की चेन झपट ली, जिसे बाद में पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मात्र 4 घंटे में बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। चेन पीड़िता के लिए सिर्फ आभूषण नहीं, बल्कि भावनात्मक मूल्य रखती थी। लूटी गई चेन भी बरामद कर ली गई है।
घटना ग्वालियर रोड स्थित रोहता चौराहा क्षेत्र की है। पीड़िता सीमा, जो वृंदावन की रहने वाली हैं, अपनी मां से मिलने आगरा आई थीं। बाजार से कुछ सामान लेकर लौट रही थीं, तभी अचानक एक बाइक सवार युवक ने पीछे से आकर झपट्टा मारा और लगभग डेढ़ तोले की चेन छीनकर फरार हो गया।
सीसीटीवी में कैद हो गया था झपटमार
सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि लाल रंग की साड़ी पहने महिला पहने घर की ओर जा रही थी। तभी हेलमेट लगाए एक युवक तेज रफ्तार से बाइक पर आया और चेन झपटकर मौके से भाग निकला।
सूचना पर त्वरित कार्रवाई, 4 घंटे में गिरफ्तारी
घटना के बाद सीमा के शोर मचाने पर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। किसी ने तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और सीसीटीवी फुटेज व लोकल इनपुट्स के आधार पर महज 4 घंटे में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से छीनी गई चेन भी बरामद हो गई है।
पति ने 20 साल पहले दी थी यह चैन
भावुक होते हुए सीमा ने बताया कि यह चेन मेरे पति ने 20 साल पहले दी थी। यह सिर्फ सोने की चेन नहीं, मेरी यादों का हिस्सा है। इसे दोबारा बनवाना आसान नहीं है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के खिलाफ पहले भी आपराधिक मामले दर्ज हैं और उससे पूछताछ जारी है।