आगरा के रोहता गांव में महिला की गला रेतकर हत्या, सीढ़ियों के पास मिला खून से सना शव, दहशत में लोग

आगरा के रोहता गांव में 36 वर्षीय पूनम की हत्या कर शव एक मकान की सीढ़ियों के पास फेंक दिया गया। सुबह टहलने निकले ग्रामीणों ने खून बहता देखा, जिससे घटना का खुलासा हुआ। पूनम तीन बच्चों की मां थी और पति से अलग रहकर मेहनत-मजदूरी कर जीवन यापन कर रही थी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के जरिए मामले की जांच में जुटी है।

Feb 2, 2026 - 16:45
 0
आगरा के रोहता गांव में महिला की गला रेतकर हत्या, सीढ़ियों के पास मिला खून से सना शव, दहशत में लोग
घटनास्थल पर जुटी भीड़।

बच्चों के लिए संघर्ष कर रही मां की गई जान, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस, जल्द खुलासे का दावा

आगरा। आगरा के रोहता गांव में सोमवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक मकान की सीढ़ियों के पास खून से सना महिला का शव बरामद हुआ। सुबह टहलने निकले ग्रामीणों की नजर जब सीढ़ियों से बहते खून पर पड़ी, तो पूरा गांव दहशत में आ गया। कुछ ही देर में मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही थाना सदर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका की पहचान पड़ोस में रहने वाली करीब 36 वर्षीय पूनम के रूप में हुई, जो अपनी मां विमला देवी के साथ रहती थी और जूते की हील बनाने का काम कर अपने बच्चों का पालन-पोषण कर रही थी।

पूनम की बेटी ने पुलिस को बताया कि उसकी मां रविवार रात करीब 9 बजे घर से निकली थी, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटी। सुबह जब मां की तलाश शुरू हुई, तो बराबर के मकान की सीढ़ियों से बहता खून दिखाई दिया। आशंका होने पर जब पास जाकर देखा, तो वहां उसकी मां का शव पड़ा था। यह दृश्य देख बेटी बदहवास हो गई और पूरे परिवार में कोहराम मच गया।

पूनम के दो बेटे और एक बेटी हैं। वह पिछले लगभग आठ वर्षों से पति से अलग रहकर अकेले ही बच्चों की जिम्मेदारी निभा रही थी। उसका पति फर्रुखाबाद में रहकर नौकरी करता है। सीमित संसाधनों के बावजूद पूनम मेहनत-मजदूरी कर अपने बच्चों के भविष्य को संवारने की कोशिश में लगी हुई थी, लेकिन किसी ने उसकी जिंदगी को बेरहमी से खत्म कर दिया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसीपी सदर इमरान अहमद और एडिशनल डीसीपी अक्षय मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि हत्या के पीछे के कारणों और आरोपियों तक जल्द पहुंचा जा सके। एसीपी सदर इमरान अहमद ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।