आगरा की महिलाओं ने सीखे स्मार्ट फाइनेंस के मंत्र, शहर में हुआ ज्ञानवर्धक सत्र

आगरा। महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के अंतर्गत विभव कैपिटल और स्पाइसी शुगर क्लब के सौजन्य से एक ज्ञानवर्धक व प्रेरक सत्र का आयोजन किया गया। यह विशेष कार्यक्रम इनसाइट्स दैट शेप स्मार्टर इंवेस्टिंग शीर्षक से होटल ओबेरॉय अमर विलास में हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य निवेश से जुड़ी जटिलताओं को सरल, व्यवहारिक और प्रभावी रूप में प्रस्तुत कर महिलाओं को वित्तीय रूप से जागरूक बनाना रहा।

Dec 17, 2025 - 22:02
 0
आगरा की महिलाओं ने सीखे स्मार्ट फाइनेंस के मंत्र, शहर में हुआ ज्ञानवर्धक सत्र
होटल ओबेरॊय अमर विलास में विभव कैपिटल और स्पाइसी सुगर क्लब द्वारा आयोजित सत्र में एडलवाइस म्यूचुअल फंड की एमडी एवं सीईओ राधिका गुप्ता को स्मृति चिह्न प्रदान किया गया।

मुख्य वक्ता राधिका गुप्ता ने साझा किए निवेश के सूत्र

कार्यक्रम की मुख्य वक्ता के रूप में राधिका गुप्ता, मैनेजिंग डायरेक्टर एवं सीईओ, एडलवाइस म्यूचुअल फंड रहीं। विभव परिवार की वरिष्ठ सदस्य शारदा खंडेलवाल एवं क्लब की संस्थापिका पूनम सचदेवा ने उनका स्वागत किया।

अपने संबोधन में राधिका गुप्ता ने दीर्घकालिक वित्तीय योजना, जोखिम प्रबंधन, बदलते निवेश ट्रेंड और स्मार्ट निवेश के व्यावहारिक पहलुओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। उनके विचारों ने उपस्थित महिलाओं को आत्मनिर्भर निर्णय क्षमता और वित्तीय अनुशासन की प्रेरणा दी।

संवाद, आत्मविश्वास और सशक्तिकरण

कार्यक्रम का संचालन विभव कैपिटल की स्वामिनी ईशा गुप्ता ने किया, जबकि माडरेटर की भूमिका स्पाइसी शुगर क्लब की संस्थापिका पूनम सचदेवा ने निभाई। पूनम सचदेवा ने कहा कि इस प्रकार के संवादात्मक सत्र महिलाओं को सही समय पर सही निर्णय लेने में सक्षम बनाते हैं और आत्मविश्वास बढ़ाते हैं।

इस अवसर पर शलभ गुप्ता ने अतिथियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे ज्ञानवर्धक आयोजनों की प्रतिबद्धता दोहराई।

कार्यक्रम में आगरा की प्रीली जैन, रंजना बंसल, माला खेड़ा, संगीता ढल, गुरप्रीत कोहली, सीमा सिंघल, चांदनी ग्रोवर, पावनी सचदेवा सहित स्पाइसी शुगर क्लब की सभी सदस्याएं एवं विभव परिवार की महिला सदस्याओं की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। परस्पर संवाद और प्रश्नोत्तर सत्र ने कार्यक्रम को और भी प्रभावी बनाया।

SP_Singh AURGURU Editor