अज्ञातों व असहायों की अस्थि विसर्जन यात्रा में महिला संगठन भी निभाएंगे सहभागिता
आगरा। सोरों में गंगा तट पर होने वाले अज्ञातों और असहायों के अस्थि विसर्जन और आगरा से सोरों तक निकलने वाली अस्थि विसर्जन यात्रा अब और भी गरिमामयी होगी। पिछले तीन वर्षों से विद्युत शवदाहगृह में सुरक्षित रखे गए 2526 अज्ञात व असहाय मृतकों के अस्थि फूल 25 अगस्त को गंगा में विसर्जित किए जाएंगे। इससे पहले 23 व 24 अगस्त को आगरा में कार्यक्रम होंगे। इस अद्वितीय पहल को भव्यता प्रदान करने के उद्देश्य से श्री क्षेत्र बजाजा कमेटी ने सामाजिक एवं महिला संगठनों को भी साथ जोड़ लिया है।
बैठक में सर्वसम्मति से सहयोग का संकल्प
विद्युत शवदाहगृह परिसर स्थित सत्संग हाल में हुई बैठक में विभिन्न सामाजिक व महिला संगठनों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। सभी ने 28 वर्षों से लगातार अज्ञातों व असहायों का विधिपूर्वक अस्थि विसर्जन कराने की बजाजा कमेटी की पहल को अनूठा और प्रेरणादायी बताया।
पूर्व अध्यक्ष सुनील विकल ने कहा कि यह कार्यक्रम केवल धार्मिक नहीं, बल्कि मानवीय और सामाजिक जिम्मेदारी का प्रतीक है। हर समाज व हर धर्म के लोगों को इसमें बढ़-चढ़कर सहभागिता निभानी चाहिए।
यात्रा की तैयारियां और व्यवस्थाएं
महामंत्री राजीव अग्रवाल ने जानकारी दी कि अस्थि विसर्जन यात्रा 25 अगस्त को प्रातः विद्युत शवदाहगृह से गंगा तट सोरों के लिए प्रस्थान करेगी। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष बसों की व्यवस्था की गई है। जो लोग साथ चलना चाहते हैं, वे 20 अगस्त तक समिति के संपर्क नंबरों (9412253783, 9897455660, 9411086331, 9458560279, 9837182698, 9319653279) पर नाम दर्ज करा सकते हैं।
संगठनों का व्यापक सहयोग
बैठक में अखिल भारतीय माथुर वैश्य महिला संगठन से श्रीमती दीपिका गुप्ता, फेडरेशन उद्योग से महावीर प्रसाद अग्रवाल, करूणेश परिवार से शरद गुप्त, हेल्प आगरा के महासचिव गौतम सेठ, रूद्राक्ष फाउंडेशन से बबीता पाठक, अग्रवाल संगठन कमलानगर के अध्यक्ष रवीन्द्र अग्रवाल, भारत विकास परिषद के प्रांतीय संयोजक टीटू गोयल, विश्व हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष अजय गर्ग, सिन्धी सेन्ट्रल पंचायत से चन्द प्रकाश सोनी, श्याम भोजवानी, हेमन्त भोजवानी, बसन्त गुप्ता एडवोकेट, पंजाबी विरासत से महामंत्री बंटी ग्रोवर, नवीन कृष्ण अरोड़ा व जगवीर सिंह प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
कार्यक्रम का संचालन संजीव गुप्ता ने किया और अध्यक्ष अनिल अग्रवाल ने सभी का धन्यवाद व्यक्त किया। इस अवसर पर विशनू गर्ग, प्रशांत गुप्ता, मुकेश अग्रवाल, ताराचंद गोयल, मनोज शर्मा, कन्हैयालाल गर्ग, अनिल जैन, अनुज राठी, उत्कर्ष गर्ग, राजीव पोद्दार, बल्ले भाई सहित अनेक समाजसेवी भी उपस्थित रहे।