अनंत चतुर्दशी पर आगरा के जैन मंदिरों में भक्ति और संस्कृति का अद्भुत संगम
आगरा। दशलक्षण महापर्व के अंतिम दिन अनंत चतुर्दशी के अवसर पर जैन समाज के विभिन्न मंदिरों में भक्ति, उत्साह और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का अनूठा समन्वय देखने को मिला। श्रद्धा और संस्कृति से परिपूर्ण आयोजनों में भक्तों ने धर्म के प्रति समर्पण दिखाया और समाज की एकता का संदेश दिया।
सेक्टर-7 जैन मंदिर में श्रद्धालुओं ने किया स्वर्ण कलश से अभिषेक
आवास विकास कॉलोनी, सेक्टर-7 स्थित श्री शांतिनाथ दिगम्बर जैन मंदिर में रविवार को पर्यूषण पर्व के अंतिम दिन उत्तम ब्रह्मचर्य धर्म का भव्य आयोजन हुआ। इस अवसर पर सौ से अधिक श्रद्धालुओं ने भक्ति-भाव से श्रीजी का स्वर्ण कलश एवं सामूहिक अभिषेक कर धर्मलाभ लिया।
शोभनीय परंपरा के तहत सभी आठों इंद्रों की बोली लगाई गई। सोधर्म इंद्र, ईशान इंद्र और माहेन्द्र इंद्र के रूप में क्रमशः संजीव जैन, विपिन जैन, पंकज जैन सहित अन्य श्रावक श्रेष्ठियों ने विराजमान श्री शांतिनाथ भगवान का प्रथम कलश से अभिषेक किया। शेष इंद्रों ने गीले वस्त्र से अभिषेक कर पुण्य लाभ अर्जित किया। इसके उपरांत सामूहिक आरती, संगीत मय पूजन और निर्वाण कांड की भक्ति आरती संपन्न हुई।
पंडित अंशुल जैन शास्त्री ने अपने प्रवचन में कहा कि ब्रह्मचर्य आत्मा में लीन होने का नाम है। इन्द्रिय विषयों से विरक्ति ही निश्चय ब्रह्मचर्य है। उन्होंने कहा कि ब्रह्मचर्य के बिना तप, संयम और त्याग निस्सार हैं। कामोत्तेजक गीत, दृश्य और सुगंध तक से शील का ह्रास होता है। इसलिए संयम ही जीवन का वास्तविक आभूषण है। मंदिर प्रबंधन समिति के अध्यक्ष राजेश बैनाड़ा, मंत्री विजय जैन, कोषाध्यक्ष मगन जैन सहित सकल समाज के गणमान्यजनों ने आयोजन में सहभागिता की।
जयपुर हाउस जैन मंदिर में महामस्तकाभिषेक महोत्सव
श्री शांतिनाथ दिगंबर जैन मंदिर जयपुर हाउस में शनिवार को दशलक्षण महापर्व के अंतिम दिन उत्तम ब्रह्मचर्य धर्म एवं अनंत चतुर्दशी के अवसर पर मूलनायक शांतिनाथ भगवान का महामस्तकाभिषेक महोत्सव एवं वृहद शांतिधारा का आयोजन किया गया| जिसमें जलेसर परिवार द्वारा प्रभु शांतिनाथ का अभिषेक किया गया। और सभी भगवानों की शांतिधारा भी बोली से आशीष जैन, संजीव जैन, मनोज जैन, प्रमोद रावका, नीरज जैन, तपेश जैन, कालीचरन जैन परिवार द्वारा की गई। तो वहीं बारहवें तीर्थंकर वासुपूज्य भगवान का निर्वाण कल्याणक महोत्सव मनाया गया|
इस अवसर पर बारह किलो का निर्वाण लाडू चढ़ाने का सौभाग्य रविन्द्र जैन बंगालीमल परिवार को मिला। साथ ही चार बड़े लाडू राकेश जैन, अभिषेक जैन पर्देवाले, दीपक जैन, नीरज जैन, प्रदीप जैन, चांदवाड़ द्वारा चढ़ाये गये। जिसके बाद बड़े ही भक्तिभाव के साथ श्रीजी का पूजन किया गया।
गुदड़ी मंसूर खां जैन मंदिर में निर्वाण कल्याणक
गुदड़ी मंसूर खां स्थित श्री शीतलनाथ दिगंबर जैन मंदिर में दशलक्षण महापर्व का समापन उत्तम ब्रह्मचर्य धर्म की पूजा-अर्चना के साथ हुआ। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भगवान वासुपूज्य को निर्वाण लाडू अर्पित कर आशीर्वाद प्राप्त किया। मंदिर प्रांगण भक्ति और श्रद्धा से गूंज उठा।
इस अवसर पर सुभाष जैन, धर्मेश जैन, संजीव जैन, ध्रुव जैन, वीरेंद्र जैन, विपिन जैन, महेंद्र जैन, जितेंद्र जैन, देवेंद्र जैन, सुनील जैन, रविंद्र जैन, पंकज जैन सहित समस्त गुदड़ी मंसूर खां जैन समाज के लोग उपस्थित रहे।
कमला नगर जैन मंदिर में भक्ति नृत्य संध्या
कमला नगर जैन मंदिर में आर्यिका ग्रुप की ओर से भक्ति नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। अध्यक्ष शशि जैन, उपाध्यक्ष प्रिंसी जैन तथा रवीना जैन, आयुषी जैन, दिव्या जैन, अर्चना जैन, शिवाली जैन, रीना जैन ने मिलकर कार्यक्रम को सफल बनाया।
अतिथि कविता जैन ने संस्कृति और प्रतिभा को बढ़ावा देने की इस पहल की सराहना की। प्रस्तुतियों का मूल्यांकन कोरियोग्राफर प्रशांत ने किया, जिन्होंने कार्यक्रम को पेशेवर उत्कृष्टता दी। शाम को भक्ति गीतों पर हुए नृत्य ने श्रद्धा और संस्कृति का मनोहारी संगम प्रस्तुत किया।