खाटू श्याम धाम में भक्ति और दिव्यता का अद्भुत संगम, हेलीकॊप्टर से पुष्प वर्षा के बीच श्याम बाबा को चांदी का छत्र, छप्पन भोग और पोशाक अर्पित
आगरा। चलो खाटू धाम, आस्था के इस महामंत्र ने दूसरे दिन शिखर छू लिया। श्री खाटू श्याम जी मंदिर ट्रस्ट, आगरा के पावन सानिध्य में श्री श्याम सेवक परिवार समिति द्वारा आयोजित दो दिवसीय “चलो खाटू धाम” भव्य निशान यात्रा एवं छप्पन भोग महोत्सव के द्वितीय दिवस बुधवार को खाटू धाम, सीकर (राजस्थान) में भक्ति, दिव्यता और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। आकाश से बरसती गुलाब की पंखुड़ियों ने श्याम बाबा के दरबार को जैसे साक्षात कृपा-वर्षा में नहला दिया।
कार्यक्रम के अंतर्गत हेलीकॉप्टर से एक कुंतल से अधिक गुलाब की पंखुड़ियों की भव्य पुष्प वर्षा की गई। जैसे ही पंखुड़ियां श्याम दरबार पर बरसीं, समूचा धाम जय श्री श्याम के जयघोष से गूंज उठा। यह दृश्य उपस्थित हजारों श्रद्धालुओं के लिए अविस्मरणीय बन गया और वातावरण पूर्णतः भक्तिमय हो उठा।
इस अवसर पर श्री खाटू श्याम जी मंदिर ट्रस्ट, आगरा के अध्यक्ष दिनेश चंद्र अग्रवाल ने कहा कि श्याम बाबा की कृपा से यह आयोजन हर वर्ष और अधिक भव्य होता जा रहा है। देशभर से श्रद्धालु खाटू धाम पहुंचकर बाबा के चरणों में अपनी आस्था अर्पित कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि हेलीकॉप्टर से की गई पुष्प वर्षा श्रद्धालुओं के लिए विशेष अनुभूति रही, जो जयपुर के एक श्याम भक्त की सेवा से संपन्न हुई।
ट्रस्टी हेमेंद्र अग्रवाल ने जानकारी दी कि द्वितीय दिवस पर श्याम बाबा को श्रद्धा भाव से चांदी का छत्र, छप्पन भोग, इत्र एवं भव्य पोशाक अर्पित की गई। विधिविधान से पूजन-अर्चन के पश्चात बाबा का अलौकिक श्रृंगार हुआ, जिसके दर्शन कर श्रद्धालु निहाल हो उठे।
इसके पश्चात चौखानी धर्मशाला मित्र मंडल के समीप श्री खाटू श्याम जी धाम में महाप्रसादी भंडारे का आयोजन किया गया। हजारों श्याम भक्तों ने अनुशासन और श्रद्धा के साथ प्रसादी ग्रहण की। सेवा-भाव से सजे इस विशाल भंडारे ने आयोजन की दिव्यता को और सुदृढ़ किया।

इस पावन अवसर पर मंगल परिवार की ओर से राकेश अग्रवाल, पीके अग्रवाल; श्री खाटू श्याम जी मंदिर ट्रस्ट, आगरा से अजय गर्ग (आवागढ़), गौरव बंसल, विकास गोयल, विपिन बंसल, संजय अग्रवाल, विशाल गोयल, मनीष बंसल, अर्पित अमित; तथा श्री श्याम सेवक परिवार समिति से अनूप अग्रवाल, आकाश अग्रवाल, पंकज, प्रबल सहित बड़ी संख्या में श्याम प्रेमी उपस्थित रहे।