विश्व मधुमेह दिवसः कम्पनी गार्डन में डॉक्टर–मरीज संवाद, 190 लोगों की शुगर जांच, खेलगांव में शिविर
विश्व मधुमेह दिवस पर आगरा डायबिटीज फोरम व आरएसएसडीआई द्वारा कम्पनी गार्डन में आयोजित निशुल्क जागरूकता शिविर में डॉक्टरों और लोगों ने चाय-बिस्कुट के बीच डायबिटीज के कारण, लक्षण और रोकथाम पर चर्चा की, साथ ही लगभग 190 नागरिकों ने ब्लड शुगर व अन्य स्वास्थ्य परीक्षण कराए। उधर आगरा आईएमए तथा रोटरी क्लब आगरा रॉयल द्वारा खेलगांव परिसर में स्वास्थ्य जागरूकता शिविर आयोजित किया गया, जिसमें योगाभ्यास, विस्तृत परामर्श और निःशुल्क ब्लड शुगर जांच के माध्यम से लोगों को डायबिटीज की रोकथाम और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक किया गया।
आगरा डायबिटीज फोरम के शिविर में मधुमेह पर खुलकर चर्चा
आगरा। विश्व मधुमेह दिवस को ध्यान में रखते हुए आगरा डायबिटीज फोरम और आरएसएसडीआई (रिसर्च सोसायटी ऑफ स्टडी डायबिटीज ऑफ इंडिया) ने सदर स्थित कम्पनी गार्डन में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया। सुबह मार्निंग वॉक पर पहुंचे लोगों के लिए यह दिन खास हो गया, जब चाय-बिस्कुट के बीच डॉक्टरों और मरीजों के बीच मधुमेह पर खुलकर चर्चा हुई।
शिविर का शुभारम्भ फोरम के डॉक्टरों ने सफेद और नीले रंग के गुब्बारे उड़ाकर किया, जो जागरूकता और स्वस्थ जीवनशैली का प्रतीक रहे। लगभग 190 लोगों ने शुगर जांच कराई, साथ ही न्यूरोपैथी, कोलेस्ट्रोल, बीएमआई सहित अन्य परीक्षण भी किए गए।
आगरा डायबिटीज फोरम के सचिव डॉ. सुनील बंसल ने सभी का स्वागत करते हुए कहा कि जीवनशैली में सुधार ही बढ़ती डायबिटीज पर सबसे बड़ा नियंत्रण है। उन्होंने बताया कि प्लास्टिक, कीटनाशक और रासायनिक खाद हमारे हार्मोन सिस्टम पर प्रभाव डाल रहे हैं, जिससे डायबिटीज तेजी से बढ़ रही है।
डॉ. वीएन कौशल ने कहा कि डायबिटीज ऐसी बीमारी है, जिसे सही खान-पान और नियमित दिनचर्या से काफी हद तक रोका जा सकता है।
प्रो. प्रभात अग्रवाल ने स्कूलों में शारीरिक गतिविधियों को अनिवार्य करने की जरूरत बताई। उन्होंने कहा कि कई स्कूलों में अब पीटी की कक्षा तक नहीं होती, जिससे बच्चों में मोटापा और मधुमेह की संभावनाएं बढ़ रही हैं।
शिविर में लोगों को डायबिटीज के लक्षण, कारण और रोकथाम के उपाय समझाए गए। डॉक्टरों के साथ प्रतिभागियों ने पार्क में वॉकेथन किया और स्वस्थ दिनचर्या का संदेश दिया।
कार्यक्रम में डॉ. वीएन कौशल, वीरेंद्र खंडेलवाल, डॉ. सुनील बंसल, डॉ. कैलाश विस्वानी, प्रो. प्रभात अग्रवाल, डॉ. मुकेश भारद्वाज सहित अनेक वरिष्ठ विशेषज्ञ मौजूद रहे।
190 में 15 नए मरीज निकले
शिविर में जांचे गए 190 लोगों में से लगभग 40 पहले से डायबिटिक थे, जबकि 15 लोग ऐसे मिले जिन्हें डायबिटीज होने की जानकारी ही नहीं थी। सात वर्ष का टाइप-1 मरीज रोहित बघेल भी शिविर में परीक्षण कराने पहुंचा।
डायबिटिक हैं तो जूस नहीं, फल खाइये
डॉ. सुनील बंसल ने कहा कि डायबिटिक मरीज फलों को लेकर भ्रम में रहते हैं। फलों में मौजूद फाइबर इन्हें लाभकारी बनाता है, जबकि जूस में शुगर तेजी से बढ़ती है।
उन्होंने सलाह दी कि यदि मिठाई खानी ही पड़ जाए तो अगले दिन नियमित व्यायाम अवश्य करें और मैदा, अधिक नमक व चीनी से दूरी बनाए रखें।
खेलगांव में आईएमए और रोटरी आगरा रॉयल के शिविर में जांच संग स्वास्थ्य का संदेश

विश्व मधुमेह दिवस पर शुक्रवार की सुबह खेलगांव में आयोजित शिविर में ब्लड शुगर की जांच कराते लोग।
आगरा। विश्व मधुमेह दिवस पर आगरा आईएमए तथा रोटरी क्लब आगरा रॉयल द्वारा खेलगांव परिसर में स्वास्थ्य जागरूकता शिविर आयोजित किया गया, जिसमें योगाभ्यास, विस्तृत परामर्श और निःशुल्क ब्लड शुगर जांच के माध्यम से लोगों को डायबिटीज की रोकथाम और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक किया गया।
मुख्य वक्ता आईएमए के वरिष्ठ विशेषज्ञ डॉ. अशोक शर्मा ने बताया कि डायबिटीज खराब खान-पान और असंतुलित जीवनशैली की बीमारी है, जो भारत सहित विश्व के अनेक देशों में तेजी से फैल रही है। उन्होंने कहा कि समय रहते सही जानकारी, नियमित जांच और जागरूकता ही इसका सबसे बड़ा बचाव है, अन्यथा शरीर का प्रत्येक अंग इसकी मार झेलता है। रोटरी क्लब आगरा रॉयल की अध्यक्ष मीरा गुप्ता ने कहा कि ऐसे शिविर समाज को स्वस्थ दिशा देने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
कार्यक्रम का संचालन कर रहे डॉ. आलोक मित्तल ने बताया कि आगरा आईएमए द्वारा शहर में 25 स्थानों पर जागरूकता शिविर आयोजित किए गए हैं, जिनमें सैकड़ों लोगों की जांच व परामर्श किया गया।
पूर्व अध्यक्ष डॉ. मुकेश गोयल ने सभी प्रतिभागियों का धन्यवाद व्यक्त किया।
इस अवसर पर डॉ. रजनी पचौरी, डॉ. कविता भटनागर, डॉ. साक्षी मिश्रा ने भी अपने विचार रखे और मधुमेह नियंत्रण के सरल उपाय बताए।
खेलगांव के योग गुरु डॉ. दीपक मरू ने विशेष योग सत्र कराकर बताया कि नियमित योगाभ्यास मधुमेह रोगियों के लिए अत्यंत लाभकारी है। कार्यक्रम में संगीता अग्रवाल, शारदा गुप्ता, रेखा कपूर, अनीता पुंडीर सहित अनेक गणमान्य उपस्थित रहे।