विश्व पर्यावरण दिवस: जागरूकता, सेवा और संकल्प की प्रेरणादायक मिसाल बनी ताजनगरी

आगरा। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर ताजनगरी ने पर्यावरण संरक्षण के लिए एकजुट होकर विविध गतिविधियों के माध्यम से जनजागरूकता का संदेश दिया। कहीं एनसीसी कैडेट्स ने नुक्कड़ नाटक और रैली निकाली, तो कहीं वृक्षारोपण और प्राकृतिक पेयों के वितरण के ज़रिए समाज को पर्यावरण के प्रति संवेदनशील बनाने का प्रयास हुआ। भारत विकास परिषद की विभिन्न शाखाओं ने भी पौधारोपण, शरबत, गन्ने के जूस, तुलसी पौधे और कपड़े के थैलों का वितरण कर जनसेवा के साथ पर्यावरणीय चेतना का संकल्प लिया। यह आयोजन न केवल प्रेरणादायक रहे, बल्कि यह संदेश भी दे गए कि पर्यावरण की रक्षा हर नागरिक का धर्म है।

Jun 5, 2025 - 20:48
Jun 5, 2025 - 23:01
 0
विश्व पर्यावरण दिवस: जागरूकता, सेवा और संकल्प की प्रेरणादायक मिसाल बनी ताजनगरी
विश्व पर्यावरण दिवस पर गुरुवार को आगरा कॊलेज के छात्र कैडेट्स जागरूकता अभियान चलाते हुए। दूसरे व अंतिम चित्र में छात्रा एनसीसी कैडेट्स द्वारा आगरा कॊलेज के सामने प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक की एक झलक। वृक्ष रोपतीं कैडेट्स।

एनसीसी की छात्राओं ने नुक्कड़ नाटक और रैली से दिया जागरूकता संदेश

वन यूपी गर्ल्स बटालियन, आगरा कॉलेज की एनसीसी कैडेट्स द्वारा लाल किला परिसर में पर्यावरण संरक्षण हेतु नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व कंपनी कमांडर कैप्टन रीता निगम ने किया। नुक्कड़ नाटक में बढ़ती पर्यावरणीय समस्याओं जैसे ग्लोबल वार्मिंग, ओजोन परत क्षरण और वनों की कटाई को विषय बनाया गया। नाटक के उपरांत पर्यावरण संदेशों के साथ एक जागरूकता रैली निकाली गई, जो लाल किले से बटालियन तक पहुँची।
इस दौरान लेफ्टिनेंट सरिता चौहान, पी.आई. स्टाफ, समस्त कैडेट्स तथा आमजन मौजूद रहे। अंत में बटालियन परिसर में पौधारोपण कर “हर जन्मदिन पर एक पौधा” लगाने का संकल्प लिया गया।

आर्मी विंग एनसीसी ने पोस्टर जागरूकता और पौधारोपण किया

एनसीसी आर्मी विंग, आगरा कॉलेज द्वारा महाविद्यालय परिसर में वृक्षारोपण और जनजागरूकता अभियान चलाया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व कैप्टन अमित अग्रवाल ने किया। उन्होंने प्लास्टिक के विकल्प अपनाने, बिजली की बचत और इलेक्ट्रिक वाहनों को प्रोत्साहित करने की अपील की। इस अवसर पर कैडेट्स ने 10 पौधे लगाए।
यूओ लवकुश, भारतेंदु, आदित्य, कीर्ति, समायरा, अनुश्री, सौरभ वर्मा, प्रतीक, हृदय, तमन्ना, यामिनी, विशाल रावत, प्रिया, मनोज जुरैल, अरुण, हर्षकांत आदि कैडेट्स प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

प्रिल्यूड में पर्यावरण संरक्षण की पहल, छात्रों और अभिभावकों को वितरित किए पौधे

प्रिल्यूड पब्लिक स्कूल में पर्यावरण दिवस पर आयोजित कार्यक्रम की एक झलक।

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर प्रिल्यूड पब्लिक स्कूल में चल रहे स्विमिंग कैंप ‘यंग निंजास 2025’ के प्रतिभागियों को पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ पौधे वितरित किए गए। मुख्य अतिथि डॉ. चीनू अग्रवाल (क्लिनिकल साइकोलॉजिस्ट व साइकोथैरेपिस्ट) ने बच्चों और अभिभावकों को प्रकृति से जुड़ने की प्रेरणा दी।

पौधे डिस्ट्रिक्ट फॉरेस्ट ऑफिसर आदर्श कुमार के सौजन्य से उपलब्ध कराए गए थे। करीब 65 बच्चों ने इस मुहिम में भाग लिया और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। इस अवसर पर स्कूल निदेशक डॉ. सुशील गुप्ता ने आदर्श कुमार का आभार व्यक्त करते हुए वृक्षों के महत्व पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य अरविंद श्रीवास्तव, स्विमिंग कोच नरेंद्र कुशवाह, काजल वासुदेव और अभिभावकगण भी मौजूद रहे।

भारत विकास परिषद 'अमृतम' शाखा का तुलसी, शरबत व थैलों के साथ जनजागरूकता अभियान

पर्यावरण दिवस पर फव्वारा चौक पर शर्बत व तुलसी के पौधे एवं कपड़े के थैले बांटते भारत विकास अमृतम के पदाधिकारी।

गंगा दशहरा व पर्यावरण दिवस के अवसर पर भारत विकास परिषद अमृतम शाखा द्वारा फव्वारा चौक पर 501 लीटर शरबती दूध, 201 तुलसी के पौधे व 500 कपड़े के थैलों का वितरण किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ एसीपी कोतवाली शेषमणि उपाध्याय, डीजीसी वसंत गुप्ता, टीटू गोयल, उमेश बाबू अग्रवाल, आरएस गुप्ता, विजय अग्रवाल, नितेश अग्रवाल ने किया।
संस्था के अध्यक्ष कुलभूषण गुप्ता ‘राम भाई’, सचिव राजीव गोयल, कोषाध्यक्ष मयंक जैन, महिला सहभागिता में रेखा राज अग्रवाल, मधु अग्रवाल, सुदेश अग्रवाल, बृजमोहन रैपुरिया, अशोक, नीरज मित्तल, अजय तिवारी, विमल नयन फतेहपुरिया, विकास गोयल, गौरव बिंदल, ज्योति मोहन जिंदल, सोनू कास्टिंग, विनोद अग्रवाल, लाला बाबू, डॉ. रौनक पारेख, पुनीत अग्रवाल, आशीष अग्रवाल समेत कई सदस्य मौजूद रहे। सेवा कार्य के संयोजक देवेंद्र गोयल, राजा बाबू, राकेश अग्रवाल, गिरीश अग्रवाल रहे।

समर्पण’ शाखा ने पौधारोपण कर राहगीरों को बांटा गन्ने का रस

पर्यावरण दिवस पर विजय क्लब परिसर में पौधे रोपते भारत विकास परिषद समर्पण शाखा के पदाधिकारी।

भारत विकास परिषद समर्पण शाखा द्वारा विजय नगर स्थित विजय क्लब में पौधारोपण किया गया। शुभारंभ प्रांतीय संयोजक टीटू गोयल एवं संस्कार संयोजक अखिलेश भटनागर ने किया। अध्यक्ष विजित गुप्ता ने बताया कि पौधारोपण से जलवायु संकट से लड़ना संभव है। वित्त सचिव संजीव मित्तल ने दशहरा पर्व पर 400 से अधिक राहगीरों को ठंडा गन्ने का रस वितरित किया।
इस दौरान सचिव नवनीत गर्ग, नितिन गोयल, निधि गोयल, पूजा मित्तल, उमेश गोयल धर्म, समीर जैन, निशी दौनेरिया, अनुपम बंसल, पूजा बंसल, विमलेश मण्डलस, रिंकेश मित्तल, उमंग गोयल, उत्सव मित्तल, अंशुल बंसल, अनिल गुप्ता, अल्का मित्तल आदि मौजूद रहे।

रोटरी क्लब आगरा ने मियावाकी शैली में 80 पौधे लगाकर किया हरित संकल्प

ईदगाह सेल्फी प्वाइंट पर मियावाकी शैली में पौधे लगाते रोटरी क्लब ऒफ आगरा के पदाधिकारी और सदस्य।

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर रोटरी क्लब ऑफ आगरा ने ईदगाह स्थित प्रस्तावित सेल्फी प्वाइंट पर वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। कार्यक्रम में जापानी मियावाकी पद्धति के माध्यम से 80 से अधिक पौधे रोपित किए गए।

इन पौधों में पाखड़, बांस, करोंदा, महोगनी, कंजी, कनेर, अर्जुन, टीकोमा, जामुन और गुलमोहर जैसी विविध प्रजातियाँ शामिल रहीं। मियावाकी पद्धति की विशेषता है कि सीमित क्षेत्र में घनी हरियाली और जैव विविधता विकसित होती है।

रोटरी क्लब की अध्यक्ष रोटेरियन नम्रता पणिकर ने बताया कि क्लब का वार्षिक लक्ष्य 2000 पौधे लगाने का है। कार्यक्रम में रोटेरियन इरा शर्मा, राजीव लोचन भारद्वाज, सुनील कपूर, अमित सिसोदिया और मनोज आर. कुमार सहित कई सदस्य मौजूद रहे। रोट्रैक्ट क्लब की ओर से दिया खेमनानी ने सहभागिता की। कार्यक्रम के समन्वयक व पर्यावरण सेवक राकेश सिंह थे।

भार्गव महिला सभा ने लगाई दूध शरबत की प्याऊ, राहगीरों को पिलाया शीतलता का घूंट

पचकुइयां चौराहा पर माथुर वैश्य भवन के सामने प्याऊ पर दूध का शरबत वितरित करतीं भार्गव महिला सभा की पदाधिकारी और सदस्याएं। 

गंगा दशहरा और विश्व पर्यावरण दिवस पर भीषण गर्मी के बीच सेवा भाव को समर्पित भार्गव महिला सभा, आगरा द्वारा पंचकुइयां चौराहा स्थित माथुर वैश्य महासभा भवन के सामने दूध शरबत की प्याऊ लगाई गई। इस सेवा शिविर में राहगीरों को ठंडा दूध शरबत वितरित कर राहत पहुंचाई गई।

शिविर में श्रीमती बृजेश, अल्पा, अलका, समता, मंजू, राखी, तनु, पूनम, दीप्ती, पायल, कु. दिक्षित, अनीता, रुचि एवं अनामिका प्रमुख रूप से उपस्थित रहीं।

सेवा में सहयोग देने वालों में पवन, अनुराग, अजय, अनिल, आलोक, विशाल द्विवेदी, कपिल, दिनेश, कुनाल, देवेश, रिंकू आदि का विशेष योगदान रहा। सभा के इस प्रयास की राहगीरों और क्षेत्रीय नागरिकों ने सराहना की।

ताज मेट्रो स्टेशन पर बच्चों ने मनमोहक पेंटिंग बना कर दिया पर्यावरण स्वच्छ रखने का संदेश

डौकी स्थित मेट्रो के कास्टिंग यार्ड में पौधारोपण करते परियोजना निदेशक अरविंद राय व अन्य।

आगरा। उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर विभिन्न निर्माण स्थलों पर पौधारोपण किया गया। इसके साथ ही ताजमहल मेट्रो स्टेशन परिसर में कला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस कला प्रतियोगिता में बच्चों ने पर्यावरण स्वच्छ रखने में आगरा मेट्रो के महत्व को समझाते हुए मनमोहक पेंटिंग बनाई। इस दौरान यूपी मेट्रो द्वारा बच्चों को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। 
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर यूपी मेट्रो द्वारा आयोजित कला प्रतियोगिता में विभिन्न आयु के बच्चों ने हिस्सा लिया। इस प्रतियोगिता अरुण को प्रथम पुरस्कार, कबीर एवं राधिका को संयुक्त रूप से द्वितीय पुरस्कार मिला। वहीं, तरुण, हर्ष एवं मुस्कान को सांत्वना पुरस्कार मिला। इस प्रतियोगिता में निर्णायक कालाविद शिवा यादव रहीं। उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन द्वारा डौकी स्थित कास्टिंग यार्ड एंव अन्य साइट पर पौधारोपण किया गया। इस दौरान आगरा मेट्रो रेल परियोजना के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

SP_Singh AURGURU Editor