विश्व मच्छर दिवस: स्वास्थ्य विभाग ने बताया- ऐसे बचें डेंगू और मलेरिया से

आगरा। विश्व मच्छर दिवस के अवसर पर बुधवार को स्वास्थ्य विभाग ने नगला अजीता स्थित डॉक्टर पाल पब्लिक स्कूल में छात्रों के लिए जनजागरूकता गोष्ठी का आयोजन किया। कार्यक्रम में बच्चों को मच्छर जनित रोगों से बचाव, उनके लक्षण और उपचार के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।

Aug 20, 2025 - 22:21
 0
विश्व मच्छर दिवस: स्वास्थ्य विभाग ने बताया- ऐसे बचें डेंगू और मलेरिया से
स्कूल में छात्रों को मलेरिया और डेंगू से बचाव की जानकारी देते स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी।

जिला मलेरिया अधिकारी राजेश गुप्ता ने छात्रों को बताया कि विश्व मच्छर दिवस हर वर्ष 20 अगस्त को मनाया जाता है। इसका उद्देश्य मच्छरों से फैलने वाले रोगों के प्रति जागरूकता बढ़ाना और उनके रोकथाम के उपायों को प्रोत्साहित करना है। बारिश के मौसम में मच्छरों की संख्या बढ़ जाती है, जिससे मलेरिया, डेंगू और चिकनगुनिया जैसे रोगों का खतरा बढ़ जाता है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष जनवरी से अब तक जिले में 11 मलेरिया और 39 डेंगू के मरीज मिले हैं।

सहायक मलेरिया अधिकारी नीरज कुमार ने बच्चों को बताया कि मादा एडीस एजिप्टी मच्छर साफ पानी में पनपते हैं और इनके काटने से मच्छर जनित बीमारियां होती हैं। उन्होंने कूलर के पानी को नियमित बदलने, घर और आसपास पानी जमा न होने देने जैसे उपाय सुझाए।

एंबेड परियोजना के सिटी कॉर्डिनेटर मोहम्मद इरशाद खान ने मच्छर जनित रोगों से बचाव और उपचार के विषय में विस्तार से चर्चा की। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरुण श्रीवास्तव ने बताया कि बारिश और मौसम के बदलाव के कारण मच्छरों का प्रजनन बढ़ जाता है, इसलिए इनके पनपने से रोकना आवश्यक है। उन्होंने यह भी बताया कि जिले में डेंगू के मरीजों के लिए जिला अस्पताल में दस और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर पांच-पांच बेड आरक्षित हैं।

SP_Singh AURGURU Editor