कैलाश मंदिर पर यमुना सेतु और अछनेरा-झुडावल रेल ओवरब्रिज को मिली मंजूरी, फतेहपुर सीकरी संसदीय क्षेत्र को 145 करोड़ की दोहरी सौगात, यमुना के इस पुल से बल्देव रह जाएगा चंद मिनट दूर, सांसद चाहर ने जताया सीएम का आभार
आगरा। फतेहपुर सीकरी लोकसभा क्षेत्र के लिए बहुप्रतीक्षित बुनियादी ढांचा विकास को आखिरकार बड़ी मंजूरी मिल गई है। क्षेत्रीय सांसद राजकुमार चाहर के लगातार प्रयासों के परिणामस्वरूप यमुना नदी पर कैलाश मंदिर से बल्देव मार्ग तक दो लेन के सेतु निर्माण के साथ-साथ अछनेरा-झुडावल मार्ग पर ईदगाह-बांदीकुई रेल सेक्शन पर रेलवे ओवरब्रिज (रेल उपरिगामी सेतु) के निर्माण को हरी झंडी मिल गई है। कुल मिलाकर करीब 145.90 करोड़ रुपये की इन दोनों परियोजनाओं से क्षेत्र के लाखों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा और विकास की गति को नया आयाम मिलेगा।
87 करोड़ से बनेगा यमुना सेतु, आगरा-बल्देव कनेक्टिविटी को मिलेगा बूस्ट
कैलाश मंदिर से बल्देव मार्ग को जोड़ने के लिए यमुना नदी पर बनने वाला यह सेतु लगभग 87 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया जाएगा। परियोजना के तहत दो लेन का पुल, पहुंच मार्ग (एप्रोच रोड) और आवश्यक सुरक्षा कार्य शामिल हैं। इस सेतु के निर्माण से आगरा और मथुरा जनपद के बीच आवागमन बेहद सुगम हो जाएगा, जिससे व्यापार, पर्यटन और स्थानीय आवागमन को सीधा लाभ मिलेगा। लंबे समय से इस पुल की मांग की जा रही थी, जिसे अब जाकर स्वीकृति मिल पाई है। सांसद राज कुमार चाहर इसके लिए निरंतर प्रयासरत थे।
58.90 करोड़ का रेलवे ओवरब्रिज, जाम और फाटक की समस्या से मिलेगी मुक्ति
इसके साथ ही अछनेरा-झुडावल मार्ग पर ईदगाह-बांदीकुई रेल सेक्शन के किलोमीटर 0027/5-6 पर स्थित रेल सम्पार संख्या 20-ओ पर दो लेन के रेलवे ओवरब्रिज के निर्माण को भी मंजूरी दी गई है। इस परियोजना की लागत 58.90 करोड़ रुपये निर्धारित की गई है। इस ओवरब्रिज के बनने से आए दिन लगने वाले जाम, फाटक बंद रहने की समस्या और दुर्घटनाओं के खतरे से लोगों को राहत मिलेगी।
शासन स्तर पर जारी हुआ आदेश, पीडब्ल्यूडी को दी गई जिम्मेदारी
इस संबंध में उत्तर प्रदेश शासन के अनु सचिव अभय प्रताप श्रीवास्तव द्वारा प्रमुख अभियंता (विकास) एवं विभागाध्यक्ष, लोक निर्माण विभाग को आधिकारिक रूप से जानकारी भेज दी गई है। इसके साथ ही दोनों परियोजनाओं के निर्माण की प्रक्रिया जल्द शुरू होने की उम्मीद जताई जा रही है।
सांसद राजकुमार चाहर ने जताया आभार
इन दोनों महत्वपूर्ण परियोजनाओं की स्वीकृति पर सांसद राजकुमार चाहर ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह फतेहपुर सीकरी क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से क्षेत्रीय विकास को नई दिशा मिलेगी और जनता को वर्षों पुरानी समस्याओं से राहत मिलेगी।