यमुना की बाढ़ः नाले ओवलफ्लो, बेलनगंज-फाटक सूरजभान तक पानी, ट्रांसपोर्टर गोदाम खाली कर रहे
आगरा। आगरा में यमुना नदी का जलस्तर लगातार बढ़ते हुए आज सुबह लो फ्लड लेवल से सवा दो फीट ऊपर पहुंच गया है। नतीजा यह है कि शहर के व्यस्ततम बेलनगंज और आसपास के इलाके जलमग्न होना शुरू हो गये हैं। एत्मादुद्दौला व्यू पॊइन्ट स्थित यमुना आरती स्थल की बाउंड्रीवालनुमा दीवार ढह गई है। पानी लगातार बढ़ते देख यमुना किनारे स्थित ट्रांसपोर्ट कंपनियों ने अपने गोदामों में रखे माल को हटाना शुरू कर दिया है। उन्हें डर है कि गोदामों में पानी पहुंचने से माल खराब न हो जाए।
-आज सुबह आगरा में यमुना का जलस्तर लो फ्लड लेवल से सवा दो फीट ऊपर था, सुबह ही गोकुल बैराज से छोड़ा गया है डेढ़ लाख क्यूसेक से अधिक पानी
बेलनगंज क्षेत्र में यूं तो कल ही पानी पहुंच गया था, जिसके कारण सेक्सरिया कॊलेज की छुट्टी करनी पड़ी थी। कल से आज तक यह और बढ़ चुका है। हालांकि क्षेत्र में दैनिक गतिविधियां सामान्य हैं। स्कूल जरूर बंद हैं पर बाजार खुले हुए हैं। हालांकि बेलनगंज में विभिन्न इलाकों की सड़कों पर भरते पानी की वजह टैप किए हुए नालों का ओवरफ्लो होना है।
मंगलवार सुबह 8 बजे वाटर वर्क्स, आगरा पर गेज रीडिंग 152.805 मीटर दर्ज की गई। यह स्तर खतरे के निशान 152.400 मीटर से ऊपर है। यमुना का उच्चतम बाढ़ स्तर (एचएफएल) 154.760 मीटर है। वर्तमान में जलस्तर एक सेंटीमीटर प्रति घंटे बढ़ रहा है।
इधर मथुरा में मंगलवार प्रातः 6 बजे गोकुल बैराज से यमुना का डिस्चार्ज 1,58,479 क्यूसेक दर्ज किया गया। आज सुबह छोड़े गये इस पानी के आगरा तक पहुंचने में वक्त लगेगा। माना जा रहा है कि अभी आगरा में बाढ़ की स्थिति बनी रहेगी। हालांकि यह भी कहा जा रहा है कि वर्तमान में बढ़े जलस्तर में आज दोपहर के बाद कमी आने लगेगी, लेकिन यह स्थायी नहीं रह पाएगी क्योंकि आज सुबह भी गोकुल बैराज से डेढ़ लाख क्यूसेक से ज्यादा पानी छोड़ा गया है।
यमुना के जलस्तर में पिछले दो दिन से निरंतर हो रही बढ़ोतरी की वजह से बेलनगंज क्षेत्र में सेक्सरिया कॊलेज के सामने की सड़क के साथ ही फाटक सूरजभान के गेट तक पानी भर चुका है। हाथी घाट पर भी पानी भर चुका है। भैंरो पार्क गली तक पानी पहुंच चुका है। उधर यमुना किनारे बनी कृष्णा कॊलोनी की सड़कों तक पानी भर चुका है।
नगर निगम ने इस क्षेत्र के नालों को टैप किया हुआ है, जिनके ओवरफ्लो होने के कारण ही बेलनगंज क्षेत्र में पानी भर रहा है। इस समस्या से निपटने के लिए नगर निगम ने क्षेत्र में पंपसेट लगवा दिए हैं। इन पंपसेटों की मदद से यहां भर रहे पानी को यमुना में डलवाया जा रहा है।
वरिष्ठ भाजपा नेता दीपक खरे ने बताया कि बेलनगंज क्षेत्र में पानी तो पहुंचा है, लेकिन यमुना किनारा रोड पर ट्रैफिक सुचारू है, लेकिन स्ट्रैची ब्रिज आदि स्थानों पर पानी भरने के कारण कम गाड़ियां ही इधर से गुजर रही हैं। यमुना किनारा रोड की ट्रांसपोर्ट कंपनियां के मालिक अपने गोदामों से माल हटाने में लग गये हैं। उन्हें डर है कि 1978 की बाढ़ की तरह गोदामों तक पानी न पहुंच जाए। क्षेत्र के सभी स्कूल बंद हैं।
इसके साथ ही दयालबाग और बल्केश्वर क्षेत्र की तमाम कॊलोनियों और बस्तियों में यमुना की बाढ़ का पानी घुस चुका है। इन क्षेत्रों के लोगों ने प्रशासन द्वारा तैयार कराए गए शऱणालयों में शरण ली हुई है। यमुना पार क्षेत्र में भी कई बस्तियों में यही स्थिति बनी हुई है।