21 हजार दीयों से झिलमिला उठी यमुना, नगर निगम के तीन दिनी  दिवाली महोत्सव का आगाज

आगरा। आज सांय यमुना की तलहटी में एक साथ 21 हजार दीए जले तो आगरा में यमुना आरती स्थल पर वही दृश्य पैदा हो गया जैसे त्रेतायुग में रावण वध के उपरांत भगवान राम के लौटने पर अयोध्या वासियों ने सरयु नदी के तट पर दीप जलाए थे। सुखद बात ये है कि त्रेता युग की उस परंपरा को आगरा नगर निगम ने जीवंत किया। 

Oct 29, 2024 - 19:49
 0
21 हजार दीयों से झिलमिला उठी यमुना, नगर निगम के तीन दिनी  दिवाली महोत्सव का आगाज
आगरा में यमुना आरती स्थल पर नगर निगम की ओर से आयोजित यमुना दिवाली महोत्सव का यमुना की आरती कर शुभारंभ करते मेयर हेमलता दिवाकर कुशवाह और नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल।

- मेयर और और नगर  आयुक्त अंकित ने दीप प्रज्ज्वलन कर किया शुभारंभ, यमुना मैया की आरती कर दिया स्वच्छता का संदेश 

सायं साढ़े पांच बजे यमुना किनारा आरती स्थल पर 21 हजार दीप जलाकर यमुना दिवाली महोत्सव का आगाज किया गया। नगर निगम की ओर से इस तरह का आयोजन पहली बार हो रहा है।

कार्यक्रम का शुभारंभ महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाह और नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने दीप प्रज्ज्वलन और यमुना मैया की आरती उतार कर किया। इस दौरान सैकड़ों लोग यमुना के पावन जल में झिलमिलाती दीपों की आभा के साक्षी बने। ये दीपक आरती स्थल पर यमुना किनारे और यमुना की तलहटी में जलाए गए। मंगलवार से शुरु हुआ यह आयोजन 31 अक्तूबर तक चलेगा।

इस अवसर पर विचार व्यक्त करते हुए महापौर ने कहा कि दीपावली का त्योहार प्रकाश का त्योहार है। यह बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। इसी तरह हमें अपने शहर से गंदगी रूपी बुराई का सफाया कर स्वच्छता रूपी अच्छाई को विजयी बनाना है। दीपोत्सव के इस अवसर पर हम सभी शपथ लें कि अपने आसपास गंदगी को जमा नहीं होने देंगे और स्वच्छता ही सेवा के नारे को विजयी बनाएंगे।

महापौर ने कहा कि यमुना जीवनदायिनी है और हमें इसे स्वच्छ बनाए रखना है। नगर निगम द्वारा यमुना किनारे दिवाली महोत्सव इसीलिए मनाया जा रहा है ताकि हम सभी यमुना किनारे आएं और यमुना को स्वच्छ रखने में अपना सहयोग करें। महापौर ने कहा कि दिवाली की शॉपिंग के दौरान पॉलिथीन का उपयोग न करें। अपने घरों से कपड़े के थैले लेकर बाजार जाएं। सिंगल यूज प्लास्टिक को न कहें, यह पर्यावरण को दूषित करती है। महापौर ने दीपोत्सव के दौरान सभी शहरवासियों को नगर निगम की ओर से दीपावली की शुभकामनाएं दीं और स्वस्थ और सुरक्षित दीपावली मनाने का संदेश दिया। 

नगरायुक्त अंकित खंडेलवाल ने बताया कि आयेाजन का उद्देश्य आगरा के जनमानस को यमुना नदी से जोड़ना और अतीत की मेला तमाशे की परंपराओं को पुनर्जीवित करना है। आयोजन स्थल पर विभिन्न प्रकार के बच्चों के झूले और मनोरंजन के साधनों के अलावा खान पान की स्टॉलों पर उपलब्ध व्यंजनों का भी लुत्फ लिया जा सकता है। उन्होंने नगरवासियों से अपील करते हुए कहा कि आयोजन में भाग लेकर वे नगर निगम द्वारा शुरु की जा रही अनूठी परंपरा को आगे बढाने में सहयोग दें।

कार्यक्रम के दौरान जन प्रतिनिधियाों के अलावा विभिन्न वार्डों के पार्षद, राजनैतिक दलों के पदाधिकारी और नगर की सहयोगी संस्थाओं के स्वयंसेवक और नगर  निगम के अधिकारी व कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor