योग से प्रफुल्लित जीवन की राहः रोटरी क्लब डिवाइन का ‘स्पिरिचुअल टच’ से भरपूर आयोजन

तनाव, भागदौड़ और प्रतिस्पर्धा से भरे आधुनिक जीवन में आत्मिक शांति और मानसिक सुकून की तलाश अब लोगों को योग और ध्यान की ओर ले जा रही है। इसी संदेश को साकार करते हुए रोटरी क्लब ऑफ आगरा डिवाइन ने रविवार को खेलगांव स्पोर्ट्स क्लब, दयालबाग में योग साधना से आनंद एवं प्रफुल्लित जीवन विषय पर एक प्रेरणादायक आध्यात्मिक सत्र का आयोजन किया।

Nov 9, 2025 - 21:06
 0
योग से प्रफुल्लित जीवन की राहः रोटरी क्लब डिवाइन का ‘स्पिरिचुअल टच’ से भरपूर आयोजन
रोटरी क्लब ऒफ आगरा डिवाइन द्वारा रविवार को खेलगांव में आयोजित प्रेरणादायक सत्र में डॊ. प्रशांत आचार्य का सम्मान करते क्लब के पदाधिकारी। 

आगरा। आधुनिक जीवनशैली के दबाव और मानसिक तनाव के बीच योग और ध्यान ही वह माध्यम है जो व्यक्ति को आत्मिक शांति और स्थिरता प्रदान कर सकता है। इसी सोच के साथ रोटरी क्लब ऑफ आगरा डिवाइन ने “योग साधना से आनंद एवं प्रफुल्लित जीवन” विषय पर एक विशेष वर्कशॊप का आयोजन किया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में अलवर से आए डॉ. प्रशांत आचार्य, प्राचार्य वैदिक गुरुकुल योग साधना एवं शोध संस्थान, ने लोगों को सरल भाषा में ध्यान लगाने की विधि बताई।

उन्होंने कहा कि सुख बाहर नहीं, भीतर है। बस स्वयं को समझने और मन को साधने की आवश्यकता है।

डॉ. प्रशांत ने उपस्थित लोगों को बताया कि नियमित योगाभ्यास, गहरी श्वास प्रक्रिया और मनन से न केवल तनाव दूर होता है बल्कि जीवन में संतुलन और प्रसन्नता भी लौट आती है।

इस सत्र में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों ने ध्यानाभ्यास किया और स्वयं के भीतर एक नई ऊर्जा का अनुभव किया।

रोटरी क्लब ऑफ आगरा डिवाइन के अध्यक्ष डॉ. अनुपम गुप्ता ने बताया कि समाज में सकारात्मक सोच और स्वस्थ जीवनशैली के प्रसार हेतु क्लब निरंतर इस प्रकार के आयोजन करता रहेगा। सचिव डॉ. मुकेश चौहान ने कहा कि यह सत्र आत्मिक शांति की ओर एक प्रेरक पहल है।

कार्यक्रम में योगगुरु दीपक मारू, समीक्षा गुप्ता, आरती मल्होत्रा, विनोद गुप्ता, जातिन अग्रवाल सहित अनेक गणमान्य उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor