योगी सरकार के मंत्री देश-विदेश में करेंगे महाकुम्भ का प्रचार
लखनऊ। प्रयागराज में होने जा रहे महाकुंभ के लिए योगी आदित्यनाथ की सरकार के मंत्री देश-विदेश में रोड शो कर प्रचार करेंगे। विगत दिवस हुई मंत्रीपरिषद् की बैठक में भी इस आशय के प्रस्ताव को मंजूरी मिल चुकी है। इसके लिए देश के तमाम बड़े शहरों के अलावा कुछ देशों का भी चयन किया गया है।
13 जनवरी से 26 फरवरी तक प्रयागराज में भव्य महाकुम्भ का आयोजित होने जा रहा है। सनातन धर्म के इस सबसे बड़े उत्सव को भव्य बनाने को लेकर योगी सरकार मिशन मोड में जुटी हुई है।
भारत की सनातन संस्कृति का प्रचार-प्रसार भारत और भारत के बाहर अनेक देशों में किये जाने का सुझाव मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का ही था, जिसे उन्होंने कैबिनेट बैठक में रखा था। इसके अंतर्गत देश के विभिन्न बड़े शहरों और विदेशों में भी मंत्रीगणों के नेतृत्व में रोड शो का आयोजन होगा।
भारत के अंदर नई दिल्ली, मुम्बई पुणे, जयपुर, हैदराबाद, तिरुवनंतपुरम, अहमदाबाद, चेन्नई, कोलकाता, बेंगलुरु, गुवाहाटी, देहरादून, भोपाल, चंडीगढ़ और पटना जैसे शहरों में रोड शो का आयोजन होगा। वहीं विदेश में नेपाल, थाईलैंड, इंडोनेशिया और मॉरिशस के साथ ही अन्य राष्ट्रों में भी रोड शो किए जाएंगे। रोड शो का खर्च भी नगर विकास विभाग वहन करेगा।
प्रत्येक शहर में रोड शो पर 20 से 25 लाख का खर्च आएगा। फिक्की और सीआईआई को इस रोड शो में पार्टनर बनाया जाएगा।
इसके साथ ही सरकार ने प्रयागराज महाकुंभ के लिए 220 वाहन खरीदने का फैसला भी लिया है। इसके लिए 27.48 करोड़ रुपए खर्च किये जाएंगे। इनमें 40 महिन्द्रा बोलेरो नियो, 160 बोलेरो बी6 बीएसवीआई और 20 बसों की खरीद की जाएगी।