30 दिन के तदर्थ बोनस के साथ योगी सरकार का कर्मचारियों को दूसरा दिवाली गिफ्ट

आगरा। उत्तर प्रदेश सरकार ने अपने कर्मचारियों और पेंशनधारकों को अक्टूबर का वेतन 30 अक्टूबर को भुगतान किए जाने का आदेश देकर एक प्रकार से दिवाली गिफ्ट दिया था। सरकार ने अब अपने राज्य कर्मचारियों, सहायता प्राप्त शिक्षण एवं प्राविधिक शिक्षण संस्थाओं, स्थानीय निकायों, जिला पंचायत के कर्मचारियों, राजकीय विभागों के कार्य प्रभारित कर्मचारियों और दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों को वर्ष 2023-24 के लिए 30 दिन के तदर्थ बोनस का भुगतान करने का फैसला लेकर दिवाली का दूसरा गिफ्ट दे दिया है। 

Oct 23, 2024 - 19:03
 0
30 दिन के तदर्थ बोनस के साथ योगी सरकार का कर्मचारियों को दूसरा दिवाली गिफ्ट

उत्तर प्रदेश शासन के अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार द्वारा इस बारे में जारी शासनादेश के अनुसार भारत सरकार द्वारा केंद्रीय कर्मचारियों को वर्ष 2023-24 के लिए 30 दिन की परिलब्धियों के बराबर तदर्थ बोनस की स्वीकृति दी है। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश सरकार ने भी अपने सभी कर्मचारियों को 30 दिन के तदर्थ बोनस का भुगतान करने का फैसला लिया है। 

यह बोनस उन्हीं कर्मचारियों को मिलेगा, जिनका वेतन मैट्रिक्स लेवल-8 (रुपये 47600-151100) (अपुनरीक्षित वेतनमानों में ग्रेड वेतन रुपये 4800) तक है, को दिया जाएगा। दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों के लिए तदर्थ बोनस के आगणन हेतु मासिक परिलब्धियां अधिकतम रुपये 1200 प्रतिमाह मानी जाएंगी। 

SP_Singh AURGURU Editor