विधानसभा में योगी बोले- सपा आपके बच्चों को मौलवी बनाना चाहती है

अपने बच्चों को अंग्रेजी माध्यम स्कूलों में पढ़ाते हैं। यूपी में कठमुल्लापन को बढ़ावा देना चाहती है सपा। अवधी, ब्रज, बुंदेलखंडी, भोजपुरी से है इन्हें चिंढ। सपा ने फ्लोर लैंग्वेज उर्दू करने की वकालत की थी।

Feb 18, 2025 - 13:32
 0
विधानसभा में योगी बोले- सपा आपके बच्चों को मौलवी बनाना चाहती है

लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा का बजट सत्र आज से शुरू हुआ। राज्यपाल के अभिभाषण के बाद चर्चा की शुरुआत करते हुए सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह सदन विशुद्ध साहित्यिक और व्याकरण के विद्वानो का नही हैं। इस सदन में अलग अलग समाज से सदस्य यहां विभिन्न तबके से आये हैं।अंतिम पायदान के व्यक्ति की आवाज़ को सदन में मुखरता मिले, इसके लिए अगर वे हिंदी में असमर्थ है तो अवधी,बुंदेलखंडी,भोजपुरी, ब्रज भाषा जिसमें समर्थ हो बोल सकता है।

सीएम योगी ने कहा कि समाजवादी पार्टी के नेता तो अपने बच्चों को इंग्लिश मीडियम स्कूलों में पढ़ाते हैं लेकिन चाहते हैं कि आपके बच्चे उर्दू पढ़ें। यह उनको मौलवी बनाना चाहते हैं। सपा के नेता क्या देश को कठमुल्ला पन की ओर ले जाना चाहते हैं। यह नहीं चलने वाला है। उन्हें यूपी की विभिन्न भाषाओं से नफरत है। वे सिर्फ उर्दू ही पढ़वाना चाहते हैं। 

विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय ने कहा कि फ्लोर लैंग्वेज में अंग्रेजी की जगह उर्दू कर दिया जाए। इसके जवाब में सीएम ने कहा कि विपक्ष हर अच्छे काम का विरोध करता है। ये उर्दू की वकालत करते हैं। ये भोजपुरी, अवधी, का विरोध करते हैं। इससे पहले मुख्यमंत्री ने विधानमंडल की कार्यवाही में आए सभी सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि राज्यों में महामहिम राज्यपाल के अभिभाषण से इस सत्र की शुरुआत होती है। इसी सत्र के दौरान वर्ष भर के लिए राज्य सरकार का बजट भी पारित होता है। अन्य विधायी कार्यों के साथ ही जनहित व राज्य के विकास से जुड़े हुए महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी सदन में चर्चा होती है। आज विधानमंडल की कार्यवाही प्रारंभ होने के साथ ही महामहिम राज्यपाल का महत्वपूर्ण अभिभाषण हुआ।

 कल से महामहिम राज्यपाल के अभिभाषण पर सदन में चर्चा भी होगी। 20 फरवरी को वर्ष 2025-26 का यूपी का सामान्य बजट सदन में प्रस्तुत होगा। सदन 18 फरवरी से 5 मार्च तक प्रस्तावित किया गया है। 

विपक्ष के भारी हंगामे के बीच विधानसभा की कार्यवाही स्थगित कर दी गई। पत्रकारों से बातचीत में  योगी आदित्यनाथ ने  विपक्ष को चेतावनी दी और कहा कि हताशा में सदन की कार्यवाही में कोई भी खलल न डाले। सीएम ने यह भी कहा कि विपक्ष को उम्मीद है कि वह इस बार सकारात्मक रूप से सदन की कार्यवाही में अपना योगदान देगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष जिस भी मुद्दे पर चर्चा करना चाहेगा, सरकार उसके बारे में तथ्यों के आधार पर जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार है।

सीएम ने कहा कि आरोप-प्रत्यारोप और असंसदीय आचरण से समस्याओं का समाधान नहीं हो सकता। उन्होंने उम्मीद जताई कि विधानसभा में सभी सदस्य, चाहे वह सत्तापक्ष के हों या विपक्ष के, लोकतांत्रिक आस्थाओं को बनाए रखते हुए चर्चा करेंगे। मुख्यमंत्री ने विपक्ष से अनुरोध किया कि वह सदन में सुसंस्कृत और सुसंगठित तरीके से कार्य करें ताकि राज्य के विकास और जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर सार्थक चर्चा हो सके।