‘तुम मेरे पति नहीं हो!’ दीपा की यही बात राजन को चुभ गई और उसकी जान ले ली
आगरा। अछनेरा थाना क्षेत्र के नानऊ गांव में विवाहिता दीपा की हत्या करने वाले उसी के प्रेमी राजन ने पुलिस के समक्ष खुलासा किया है कि उसने गांव के दूसरे लड़कों से बातचीत का सिलसिला चलाने पर दीपा से आपत्ति जताई थी। इस पर दीपा ने कहा था, तुम मेरे पति नहीं हो, मेरी मर्जी है, मैं किसी से भी बात करूं। बस दीपा का यही कहना राजन को नागवार गुजरा और उसने उसकी हत्या करने की ठान ली।
इस सनसनीखेज मामले की विवेचना स्वयं अछनेरा थाने के प्रभारी निरीक्षक द्वारा की गई। अभियुक्त राजन की गिरफ्तारी के साथ ही पुलिस ने मामले का खुलासा कर दिया है। राजन ने पुलिस को बताया कि दीपा के साथ उसके पिछले चार साल से संबंध थे। दीपा के घर वह उसके पति की अनुपस्थिति में जाया करता था। यही नहीं, मैं जहां भी बुलाता था, दीपा वहां आ जाती थी। दीपा के शौक पूरे करने के लिए सारा खर्च भी वही दिया करता था।
गांव के दूसरे लड़कों से बात करना बुरा लगता था राजन को
पिछले कई महीनों से राजन महसूस कर रहा था कि दीपा गांव के ही कुछ और लड़कों से बातचीत करने लगी है, जो राजन को बुरा लगता था। इसी बात पर उसने दीपा से कहा था कि जब मैं तुम्हारे सारे खर्चे उठाता हूं तो दूसरे लड़कों से क्यों बात करती हो। इस पर दीपा ने उसे मेरी मर्जी वाला जवाब दिया था।
हत्या वाले दिन मोहल्ले के लोग दावत में थे
अभियुक्त राजन ने पुलिस को बताया कि उसने 13 मई को दीपा की हत्या की प्लानिंग इसलिए की क्योंकि उस दिन मोहल्ले के अधिकतर लोग दावत में गये हुए थे। उसने रात 12 बजे दीपा को सड़क किनारे भूसे की बुर्जी से पहले झाड़ियों के पास बुलाया। शक न होने देने के लिए बातें करने लगा। इस बीच दीपा ने अपने पति को फोन मिलाया तो उसने दीपा के हाथ से फोन लेकर काट दिया। इसके बाद दीपा के पति का बार-बार फोन आने लगा तो वह फोन को रिसीव कर म्यूट कर देता था। फोन आना बंद होने के बाद मोबाइल उसने अपनी जेब में रख लिया।
रस्सी से घोंटा था गला
इसके बाद दीपा को फिर से बातों में लगाया और मौका पाकर अपनी जेब में रखी रस्सी से उसका गला घोंट दिया। यह भरोसा होने पर कि दीपा मर चुकी है, राजन ने उसी की साड़ी से उसके हाथों को बांधा और लाश को खींचकर पास ही में भूसे की बुर्जी में रखकर लकड़ियों से छिपा दिया। जिस रस्सी से गला घोंटा, उसे पास ही में झाड़ियों में छिपा दिया। दीपा को ठिकाने लगाने के बाद राजन गांव में दीपा के घर के पास पहुंचा और जानवर बांधने वाली जगह पर उसका मोबाइल फेंककर अपने घर चला आया।
दीपा की बहन का फोन आने के बाद फंदे पर लटका था
राजन ने पुलिस को बताया कि दीपा की हत्या करने के बाद घबराहट में उसे पूरी रात नींद नहीं आई। सुबह छह बजे वह शौच के लिए खेतों की तरफ गया। वापस घर लौटते समय उसके मोबाइल पर किसी महिला का फोन आया। महिला ने कहा कि वह दीपा की बहन देवकी बोल रही है। दीपा कहीं चली गई है। अगर दीपा को कुछ हुआ तो तुम्हें नहीं छोड़ेंगे। देवकी की इन बातों से घबराकर ही राजन अपने घर आकर पंखे पर फंदा लगाकर उस पर लटक गया। उसके बाद वह बेहोश हो गया था और होश में आने पर खुद को मोती अस्पताल में पाया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त रस्सी को भी बरामद कर लिया है।