मैदान में गिरी जवान जिंदगी: क्रिकेट खेलते-खेलते बीएससी छात्र की मौत, ईद से पहले घर में कोहराम, कार्डियक अरेस्ट की आशंका
-आरके सिंह- बरेली जिले के हाफिजगंज थाना क्षेत्र में क्रिकेट खेलते समय एक 22 वर्षीय बीएससी छात्र की अचानक मौत से सनसनी फैल गई। ईद से ठीक पहले हुई इस दर्दनाक घटना ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया है, जबकि डॉक्टरों ने प्रारंभिक तौर पर इसे सडेन कार्डियक अरेस्ट का मामला बताया है।
बरेली। जिले के हाफिजगंज थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक हृदयविदारक घटना सामने आई। नवाबगंज विकासखंड के ग्राम हरहरपुर मटकली निवासी रहीस अहमद का 22 वर्षीय पुत्र शाकिब, जो दिल्ली में रहकर बीएससी द्वितीय वर्ष की पढ़ाई कर रहा था, क्रिकेट खेलते समय अचानक मौत का शिकार हो गया।
बताया जा रहा है कि शाकिब ईद मनाने के लिए करीब सात दिन पहले अपने गांव आया था। शुक्रवार दोपहर लगभग 12 बजे वह गांव के ईदगाह के पास मैदान में दोस्तों के साथ क्रिकेट खेल रहा था। इसी दौरान वह अचानक जमीन पर गिर पड़ा और उसकी सांस तेज़ी से फूलने लगी।
मौजूद साथियों और परिजनों ने तुरंत उसे नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
ग्राम प्रधान मोहम्मद सलीम के अनुसार, शाकिब चार भाइयों में तीसरे नंबर पर था और पढ़ाई में बेहद होनहार था। उसका सपना डॉक्टर बनने का था, जो अब अधूरा रह गया।
जिला अस्पताल के फिजिशियन (चेस्ट) डॉ. ए.एम. अग्रवाल ने बताया कि खेल के दौरान अचानक होने वाली मौतों में सामान्य हार्ट अटैक की बजाय सडेन कार्डियक अरेस्ट की संभावना अधिक होती है। उन्होंने कहा कि इसके पीछे पुरानी बीमारी, इलेक्ट्रोलाइट असंतुलन या अन्य स्वास्थ्य कारण जिम्मेदार हो सकते हैं।
डॉ. अग्रवाल ने यह भी चेतावनी दी कि खेलते समय चक्कर आना, सीने में दर्द, जकड़न, सांस फूलना या अचानक बेहोशी जैसे लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए, क्योंकि यह गंभीर खतरे का संकेत हो सकते हैं।
ईद से ठीक पहले हुई इस घटना ने न सिर्फ परिवार बल्कि पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। जहां घर में खुशियां मनाने की तैयारी थी, वहां अब मातम का माहौल पसरा हुआ है।