शाहजहांपुर में कॊफी मशीन फटने से युवक की मौत, एक घायल, शादी की खुशियां मातम में बदलीं

उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में खुशी के माहौल के बीच एक दर्दनाक हादसा हो गया। शादी समारोह के दौरान कॉफी बनाने के लिए लगी मशीन अचानक तेज धमाके के साथ फट गई, जिसमें एक युवक की मौत हो गई और एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना से शादी की खुशियां पलभर में शोक में बदल गईं।

Nov 18, 2025 - 13:15
 0
शाहजहांपुर में कॊफी मशीन फटने से युवक की मौत, एक घायल, शादी की खुशियां मातम में बदलीं
प्रतीकात्मक इमेज।

-राजीव शर्मा-

शाहजहांपुर। हर शादी में एक बात तय होती है- उम्मीदें, उत्साह और उल्लास,  लेकिन सोमवार रात थाना मदनापुर क्षेत्र के बरुआ पेहना गांव में एक शादी समारोह में जो हुआ, उसने खुशियों को गहरे सदमे में बदल दिया। यहां अंकित की बहन की बरात फर्रुखाबाद के शमशाबाद से आई हुई थी। रात की दावत की तैयारी चल रही थी। इसी वक्त कॉफी बनाने की मशीन में हुए धमाके ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया।

अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) देवेंद्र कुमार ने बताया कि कॉफी मशीन फटने की इस दुर्घटना में सुनील (30) नामक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। सुनील कॉफी बना रहा था। उसके पास खड़े सचिन नाम के युवक को गंभीर चोटें आई हैं। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना के बाद अफरातफरी मच गई। मौके पर मौजूद लोगों ने दुर्घटना के शोर के बीच घायल को संभालने का प्रयास किया। पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मशीन कैसे फटी, इसका पता लगाने की कोशिश की जा रही है। प्रथम दृष्टया यह तकनीकी खराबी या दबाव अधिक होने से हुए हादसे का मामला प्रतीत होता है।

जहां एक ओर बारात की तैयारियाँ चल रही थीं, वहीं दूसरी ओर मृतक के परिवार और समारोह में उपस्थित लोगों के चेहरे पर मातम छा गया। जिस रात घर में शहनाइयां बजनी थीं, वहां सन्नाटा पसरा दिखा।

SP_Singh AURGURU Editor