जानलेवा हमले में घायल युवक की 55 दिन बाद मौत, पुलिस पर आरोपियों से मिलीभगत का आरोप: आक्रोशित परिजनों का खेरागढ़ तहसील के सामने जाम लगाकर हंगामा, लोगों को शांत करने के लिए विधायक को जोड़ने पड़े हाथ

आगरा। खेरागढ़ थाना क्षेत्र में 55 दिन पहले लाठी-डंडों से किए गए जानलेवा हमले में गंभीर रूप से घायल युवक दीपक ने एसएन मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही गांव में कोहराम मच गया। परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा पुलिस प्रशासन पर फूट पड़ा। आरोपियों की गिरफ्तारी न होने और पुलिस पर उन्हें संरक्षण देने के आरोप लगाते हुए आक्रोशित लोगों ने खेरागढ़ तहसील मुख्यालय के सामने जाम लगा दिया और जमकर नारेबाजी की। हालात इतने बिगड़ गए कि मौके पर पहुंचे क्षेत्रीय विधायक को हाथ जोड़कर लोगों को शांत करना पड़ा।

Jan 29, 2026 - 22:49
 0
जानलेवा हमले में घायल युवक की 55 दिन बाद मौत, पुलिस पर आरोपियों से मिलीभगत का आरोप: आक्रोशित परिजनों का खेरागढ़ तहसील के सामने जाम लगाकर हंगामा, लोगों को शांत करने के लिए विधायक को जोड़ने पड़े हाथ
युवक दीपक की मौत में पुलिस की लापरवाही को लेकर खेरागढ़ तहसील के सामने जाम लगाकर नारेबाजी करते ग्रामीण।

परिजनों के अनुसार 4 दिसंबर को दीपक कैथोली गांव से लौट रहा था। इसी दौरान खेरागढ़ क्षेत्र में उटंगन नदी पुल के पास पहले से घात लगाए बैठे आधा दर्जन दबंग युवकों ने उसका रास्ता रोक लिया और लाठी-डंडों से बेरहमी से पिटाई की। गंभीर रूप से घायल दीपक को पहले स्थानीय अस्पताल और फिर आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां 55 दिन तक वह जिंदगी और मौत से जूझता रहा। आखिरकार उसने दम तोड़ दिया।

मौके पर पहुंचे क्षेत्रीय विधायक भगवान सिंह कुशवाह हाथ जोड़कर गांववासियों को शांत करते हुए। 

इस मामले में 7 दिसंबर को मृतक के पिता मेघसिंह ने खेरागढ़ थाने में मोहित, पीयूष, आशू सहित तीन अज्ञात युवकों के खिलाफ जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज कराया था। आरोप है कि इतने दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस ने केवल एक नाबालिग आरोपी को ही गिरफ्तार किया, जबकि दो नामजद और तीन अज्ञात आरोपी खुलेआम घूमते रहे। इसी बात को लेकर परिजन और ग्रामीण पुलिस से बेहद नाराज थे।

दीपक की मौत की खबर फैलते ही कैथोली गांव में आक्रोश भड़क उठा। बड़ी संख्या में ग्रामीण, विशेषकर महिलाएं, ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर तहसील मुख्यालय पहुंच गईं और गेट के सामने तीन ट्रैक्टर-ट्रॉली खड़ी कर जाम लगा दिया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस की तानाशाही नहीं चलेगी, पुलिस प्रशासन मुर्दाबाद जैसे नारे लगाए और फरार आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी, सख्त कार्रवाई तथा पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की।

सूचना पर क्षेत्रीय विधायक भगवान सिंह कुशवाहा मौके पर पहुंचे। गुस्साए ग्रामीणों ने विधायक के सामने भी पुलिस पर आरोपियों से मिलीभगत का आरोप लगाया। स्थिति बिगड़ती देख विधायक को लोगों से हाथ जोड़कर शांति बनाए रखने की अपील करनी पड़ी। विधायक ने आश्वासन दिया कि दोषियों की गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए वे प्रशासन पर सख्त दबाव बनाएंगे। विधायक की मौजूदगी में पहुंचे प्रशासनिक अधिकारियों ने भी आरोपियों के खिलाफ शीघ्र कार्रवाई का भरोसा दिया, जिसके बाद जाम खुल सका।

फिलहाल पुलिस युवक की मौत के बाद मुकदमे में धाराएं बढ़ाने की बात कह रही है, लेकिन परिजनों का कहना है कि जब तक सभी आरोपी गिरफ्तार नहीं होते, तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा।

SP_Singh AURGURU Editor