आगरा में जवाहर पुल से युवक ने लगाई यमुना में छलांग, सामान छोड़ गया, गोताखोर तलाश में जुटे

आगरा। शहर में शुक्रवार पूर्वाह्न को एक सनसनीखेज घटना उस समय सामने आई जब एक युवक ने अपनी बाइक जवाहर पुल पर खड़ी कर यमुना नदी में छलांग लगा दी। अचानक हुई इस घटना से राहगीरों में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस और गोताखोरों की टीम युवक की तलाश में जुटी हुई है, लेकिन अब तक उसका कोई पता नहीं चला है।

Sep 12, 2025 - 15:15
 0
आगरा में जवाहर पुल से युवक ने लगाई यमुना में छलांग, सामान छोड़ गया, गोताखोर तलाश में जुटे
जवाहर पुल से यमुना में छलांग लगाने वाली युवक की पुल पर खड़ी बाइक।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया घटनाक्रम

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक करीब 11 बजे एक युवक टीवीएस स्पोर्ट बाइक से जवाहर पुल पर पहुंचा। हेलमेट लगाए हुए युवक ने बाइक रोकी और बैग तथा हेलमेट किनारे रख दिया। इसके बाद अचानक उसने यमुना नदी में छलांग लगा दी।
राहगीरों ने बताया कि युवक कुछ देर तक पानी में छटपटाता हुआ दिखाई दिया, लेकिन तेज बहाव में वह आंखों से ओझल हो गया।

मोबाइल पर बात करते-करते लगाई छलांग

लोगों के अनुसार युवक ने छलांग लगाने से पहले मोबाइल फोन पर बातचीत की। इसके बाद मोबाइल बाइक पर छोड़कर नदी में कूद गया। खास बात यह रही कि युवक का मोबाइल लगातार बज रहा था। जिसे देखकर मौके पर मौजूद लोगों ने कॊल रिसीव की और उसके परिजनों को सूचना दी। समझा जा रहा है कि युवक छलांग लगाने से पहले अपने किसी नजदीकी से ही फोन पर बात कर रहा था।

परिजन भी सदमे में

सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। युवक की पहचान जय के रूप में हुई है, जो पुरागोवर्धन गांव का रहने वाला था। परिजनों के अनुसार जय घर से ऑफिस जाने की बात कहकर निकला था, लेकिन अचानक इस तरह का कदम क्यों उठाया, इसे लेकर वे भी हैरान हैं।

गोताखोरों की टीम तलाश में जुटी

पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश शुरू की। यमुना का तेज बहाव खोजबीन में सबसे बड़ी बाधा बना हुआ है। पुलिस के अनुसार युवक के नदी में कूदने के कारणों की जांच की जा रही है और हर पहलू पर पड़ताल की जा रही है।

SP_Singh AURGURU Editor