आगरा के सिकंदरा क्षेत्र में नाबालिग छात्रा को उठा ले गया था युवक, घर लौटकर आत्महत्या कर ली
आगरा। थाना सिकंदरा क्षेत्र के केके नगर शिवा कुंज में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। क्षेत्र के एक इंटर कॉलेज की छात्रा द्वारा की गई आत्महत्या के मामले में नया मोड़ आ गया है। परिजनों का आरोप है कि मोहनी को पड़ोस में रहने वाला शैलेंद्र यादव लगातार परेशान कर रहा था और जबरन प्रेम संबंध के लिए दबाव बना रहा था। स्कूल जाते वक्त जबरन उठाकर ले गया और जबरन संबंध बनाने की कोशिश की। छात्रा के विरोध करने पर आरोपी उसे स्कूल के बाहर छोड़कर फरार हो गया। कुछ घंटे बाद मोहनी ने अपने ही घर में खुदकुशी कर ली। हैरानी की बात ये है कि इस सनसनीखेज मामले में पुलिस रिपोर्ट दर्ज करने में आनाकानी कर रही है।
स्कूल जाते वक्त अगवा कर लिया था
सिकंदरा क्षेत्र की एक कॊलोनी की निवासी मृतका की बहन ने थाना सिकंदरा में दी तहरीर में बताया कि उनकी नाबालिग बहन स्कूल के लिए निकली थी। तभी पड़ोस में रहने वाला शैलेंद्र यादव उसे जबरन उठाकर बाईपुर स्थित एक कमरे में ले गया। वहां उसने मारपीट की कोशिश की और जान से मारने की धमकी देने लगा।
विरोध करने पर स्कूल के बाहर छोड़ा, घर लौटते ही बयां किया दर्द
मोहनी ने डटकर विरोध किया और शोर मचाने की चेतावनी दी। घबराकर आरोपी उसे स्कूल के बाहर छोड़कर फरार हो गया। किसी तरह खुद को संभालकर छात्रा घर लौटी और बड़ी बहन को पूरी बात बताई। बहन ने उसे हिम्मत दी और बच्चों को लेने स्कूल चली गईं।
भीतर तक टूट चुकी थी छात्रा, गले में फंदा लगाकर दी जान
बड़ी बहन के घर से बाहर जाते ही छात्रा ने अपने कमरे में दुपट्टे से फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। घर लौटने पर बहन ने उसे फंदे से लटका देखा तो उसकी चीख निकल गई। आनन-फानन में पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा था, जो आज परिजनों को सौंप दिया गया है।
अभी तक दर्ज नहीं हुई रिपोर्ट, पुलिस के रवैये से आक्रोश
इस पूरे मामले में अभी तक कोई एफआईआर दर्ज नहीं हुई है, जिससे मोहल्ले और परिवार में आक्रोश है। परिजन आरोपी की गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।