ट्रांस यमुना थाना क्षेत्र में युवक पर जानलेवा हमला, थाना से लौटते समय 15 लोगों ने किया पथराव
ट्रांस यमुना थाना क्षेत्र में थाना से लौट रहे युवक पर 15 लोगों ने ईंट-पत्थरों से जानलेवा हमला किया। हमले में तीन युवक गंभीर रूप से घायल हुए। पीड़ित की तहरीर पर नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई है।
आगरा। आगरा के ट्रांस यमुना थाना क्षेत्र में एक युवक पर जानलेवा हमले का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़ित का आरोप है कि वह थाना से शिकायत कर वापस लौट रहा था, तभी पहले से घात लगाए बैठे करीब 15 लोगों ने उस पर ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया।
इस हमले में राहुल सिंह, सचिन और अनुज गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
पीड़ित ने आरोप लगाया है कि हमले में मंजीत सिसोदिया उर्फ बाँस, सिब्बू ठाकुर, मनीष यादव, हरदेव ठाकुर, मोहित सविता, रुद्र यादव सहित अन्य लोग शामिल थे। सभी आरोपियों ने मिलकर जान से मारने की नीयत से हमला किया।
पीड़ित की तहरीर के आधार पर ट्रांस यमुना थाना पुलिस ने नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है, आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है, वहीं पुलिस ने कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए गश्त बढ़ा दी है।