आगरा में यमुना घाट पर पूजा के बाद नदी में छलांग लगाने वाले युवक का पता नहीं चल सका
आगरा। शहर के थाना एत्माउद्दौला क्षेत्र स्थित जौहरा बाग यमुना घाट पर रविवार को पूजा करने के बाद यमुना में कूदने वाले युवक के बारे में देर रात तक कुछ पता नहीं चल सका था। गोताखोरों द्वारा सुबह से देर शाम तक सर्च अभियान चलाया गया। माना जा रहा है कि युवक ने आत्महत्या के इरादे से यमुना में छलांग लगाई थी। घटना के बाद से ही पीएसी और एसडीआरएफ के गोताखोरों द्वारा खोज अभियान शुरू कर दिया गया था।
जलेसर, एटा का निवासी निखिल अपने दोस्त हर्ष के साथ आगरा की एक फैक्ट्री में नौकरी करता था। दोनों दोस्त यमुना पार क्षेत्र के सीतानगर, रामबाग में किराए पर रहते थे। रविवार को दोनों दोस्त सुबह के समय जौहरा बाग घाट के मंदिर में पूजा करने गए थे। पूजा के बाद निखिल यमुना किनारे थोड़ा आगे चला गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार निखिल के यमुना के हाथ जोड़े और फिर नदी में छलांग लगा दी।
आवाज सुनकर हर्ष ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग घटना स्थल पर पहुंचे। तब तक निखिल यमुना में डूब चुका था और बहता चला गया। सूचना मिलने पर थाना एत्माउद्दौला की पुलिस मौके पर पहुंची और पीएसी एवं एसडीआरएफ के गोताखोरों को बुलाकर युवक की तलाश शुरू कर दी।
युवक के परिजन भी सूचना मिलने पर पहुंच गये थे और देर शाम तक यमुना किनारे डटे हुए थे। देर शाम अंधेरा होने के बाद सर्च ऒपरेशन रोकना पड़ा क्योंकि अंधेरे में अभियान जारी रखना संभव नहीं था। घटनास्थल पर कोई ऐसा संकेत नहीं मिला कि युवक ने ऐसा कदम क्यों उठाया। कल सुबह फिर से सर्च अभियान चल सकता है।