‘एक पहल पाठशाला’ में दस किलोवाट के सोलर संयंत्र से चमकेगा शिक्षा का उजियारा

आगरा। पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा बचत की दिशा में उल्लेखनीय कदम उठाते हुए दयालबाग स्थित ‘एक पहल पाठशाला’ में सौर ऊर्जा संयंत्र की स्थापना की गई है। यह संयंत्र एलआईसी गोल्डन जुबली फाउंडेशन के सहयोग से स्थापित किया गया, जिसके माध्यम से अब विद्यालय की सभी कक्षाएँ सूरज की रोशनी से उत्पन्न ऊर्जा से प्रकाशित होंगी।

Nov 13, 2025 - 19:22
 0
‘एक पहल पाठशाला’ में दस किलोवाट के सोलर संयंत्र से चमकेगा शिक्षा का उजियारा
एक पहल पाठशाला में सौर ऊर्जा सयंत्र की स्थापना के मौके पर मौजूद एलआईसी गोल्डन जुबली फाउंडेशन के सदस्य और स्कूल के बच्चे।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ मुख्य अतिथि पी.एस. नेगी, विवेक त्यागी, राजेश गंभीर, मयंक श्रीवास्तव, मोहित शर्मा और गौरव द्वारा किया गया। विद्यालय परिसर में इस अवसर पर बच्चों और प्रौढ़ विद्यार्थियों ने ऊर्जा संरक्षण के प्रति अपने विचार साझा किए।

मुख्य अतिथि पी.एस. नेगी ने कहा कि सौर ऊर्जा अपनाना ‘एक पहल पाठशाला’ के लिए अपने कार्बन उत्सर्जन को कम करने की दिशा में एक बड़ा कदम है। यह शिक्षा और प्रौद्योगिकी को जोड़ने का एक सशक्त उदाहरण है, जो बच्चों को पर्यावरण-अनुकूल जीवनशैली के लिए प्रेरित करेगा। उन्होंने कहा कि सौर ऊर्जा का उपयोग केवल बिजली बचाने का नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ भविष्य सुनिश्चित करने का माध्यम है।

संस्था की अध्यक्ष डॉ. ईभा गर्ग ने बताया कि विद्यालय में 10 किलोवाट क्षमता का सोलर प्लांट स्थापित किया गया है। उन्होंने कहा कि एलआईसी गोल्डन जुबली फाउंडेशन के सहयोग से लगाया गया यह संयंत्र न केवल बिजली की निर्भरता को घटाएगा बल्कि वित्तीय बोझ कम कर, विद्यालय को आत्मनिर्भर बनाएगा।
अब बिजली जाने पर भी बच्चों और प्रौढ़ विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित नहीं होगी। इस अवसर पर मनीष राय, अंकित खंडेलवाल, नवीन कुमार, अश्लेष मित्तल, सुरभि कुमारी आदि उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor