बरेली में 108 छात्राओं को मिली साइकिल, 105 बच्चों का हुआ निःशुल्क नेत्र परीक्षण

-आरके सिंह- बरेली। विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर बरेली में शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और महिला सशक्तिकरण का प्रेरणादायक संगम देखने को मिला। छावनी परिषद बरेली ने आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की 108 छात्राओं को निःशुल्क साइकिल वितरित कर उनके शिक्षा के मार्ग को आसान बनाने का सराहनीय प्रयास किया, वहीं ॐ सत्वा चैरिटेबल ट्रस्ट ने 105 छात्र-छात्राओं का निःशुल्क नेत्र परीक्षण कर स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश दिया। दोनों कार्यक्रमों ने समाज सेवा के क्षेत्र में नई मिसाल कायम की।

Jun 4, 2026 - 19:01
 0
बरेली में 108 छात्राओं को मिली साइकिल, 105 बच्चों का हुआ निःशुल्क नेत्र परीक्षण
बरेली में साइकिल प्राप्त करने वाली छात्राएं अपनी साइकिलों के साथ।

छावनी परिषद बरेली द्वारा आयोजित कार्यक्रम का नेतृत्व मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. तनु जैन ने किया। इस दौरान 108 छात्राओं को निःशुल्क साइकिलें वितरित की गईं। साइकिल पाकर छात्राओं के चेहरे खुशी से खिल उठे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. तनु जैन ने कहा कि साइकिल केवल एक परिवहन साधन नहीं, बल्कि शिक्षा, आत्मनिर्भरता और महिला सशक्तिकरण का प्रभावी माध्यम है। इससे छात्राओं को विद्यालय आने-जाने में सुविधा होगी, समय की बचत होगी और उनकी पढ़ाई पर सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।

इस पुनीत कार्य में रोटरी क्लब बरेली, यूनियन बैंक, चैंबर ऑफ कॉमर्स, नटराज सिनेमा तथा बी.एल. एग्रो सहित विभिन्न सामाजिक और व्यावसायिक संस्थाओं ने सहयोग प्रदान किया। सभी संस्थाओं की सामाजिक सहभागिता की कार्यक्रम में जमकर सराहना की गई।

कार्यक्रम में रोटरी क्लब से डॉ. मनीष, यूनियन बैंक के उप क्षेत्र प्रमुख राहुल सिंह, चैंबर ऑफ कॉमर्स के राजेश गुप्ता, नटराज सिनेमा के जिशान आलोक, विद्यालय की प्रधानाचार्य वंदना मिश्रा, छावनी परिषद की निधि पाठक, मनोज यादव, मनोज तिवारी, अमित शर्मा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन श्रीधर शुक्ला ने किया।

वहीं दूसरी ओर विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर ॐ सत्वा चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा जनकपुरी स्थित ट्रस्ट अस्पताल में निःशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। ट्रस्ट के चेयरमैन संजीव पांडेय की उपस्थिति में आयोजित इस शिविर में 105 छात्र-छात्राओं की आंखों की जांच की गई। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने बच्चों के नेत्र स्वास्थ्य की जांच कर आवश्यक परामर्श भी दिया।

इस अवसर पर विज़न ऑफ मीडिया एसोसिएशन की सचिव रेनू सिंह, चौहान ट्रेडर्स के प्रबंध निदेशक सत्येन्द्र सिंह चौहान, राजू सिंह सिंघा, नवरत्न लाल गौड़, श्यामवीर, ओम रेजिडेंसी फरीदपुर के प्रतिनिधियों सहित शहर के अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

SP_Singh AURGURU Editor