शिक्षा और सेवा की जीवित विरासत डॉ. राम अवतार शर्मा की पंचम स्मृति पर 11 विभूतियों का सम्मान, 300 विद्यार्थियों की हनुमान स्तुति ने किया भावविभोर

आगरा। शिक्षाविद्, समाजसेवी और देहदान जैसी महान परंपरा के प्रेरक डॉ. राम अवतार शर्मा की पंचम पुण्य स्मृति-उत्सव पर उनकी स्मृति को नमन करते हुए विभिन्न क्षेत्रों की 11 विशिष्ट विभूतियों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जहां उनके योगदान को भावपूर्ण शब्दों में याद किया गया, वहीं 300 विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत हनुमान स्तुति ने पूरे सभागार को भक्ति और भावनाओं से सराबोर कर दिया।

Mar 29, 2026 - 22:53
Mar 29, 2026 - 23:01
 0
शिक्षा और सेवा की जीवित विरासत डॉ. राम अवतार शर्मा की पंचम स्मृति पर 11 विभूतियों का सम्मान, 300 विद्यार्थियों की हनुमान स्तुति ने किया भावविभोर
डॊ. राम अवतार शर्मा की पंचम स्मृति पर रविवार को बल्केश्वर स्थित सेंट एंड्रूज स्कूल में आयोजित समारोह में सम्मानित की गई विभूतियों के साथ अतिथिगण, डॊ. गिरधर शर्मा और अन्य प्रमुखजन।

सी.एफ. एन्ड्रूज स्कूल, बल्केश्वर स्थित डॉ. राम कन्वेंशन सेंटर के वातानुकूलित सभागार में आयोजित इस गरिमामय समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि अपर पुलिस आयुक्त राम बदन सिंह तथा कार्यक्रम अध्यक्ष डॉ. रंजना बंसल, चेयरपर्सन अशोक ग्रुप ऑफ इंडस्ट्रीज द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। सेंट एंड्रूज समूह के चेयरमैन डॊ. गिरधर शर्मा भी इस दौरान मौजूद रहे। कार्यक्रम में डॉ. राम अवतार शर्मा के काव्य-सृजन, सेवा-संवेदना, उदारता और करुणा से जुड़े विभिन्न आयामों को जीवंत प्रस्तुतियों के माध्यम से सामने रखा गया, जिससे उपस्थित जनमानस अभिभूत हो उठा।

इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार एवं साहित्यसेवी आदर्श नंदन गुप्ता को स्मृति चिन्ह एवं 51,000 रुपये की पुष्कल राशि के साथ “डॉ. राम आजीवन साहित्य सेवा पुरस्कार” (लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड) से सम्मानित किया गया। इसके अलावा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली विभूतियों को सम्मानित किया गया, जिनमें डॉ. जय सिंह ‘नीरद’ (शिक्षा), रामेन्द्र मोहन त्रिपाठी (साहित्य), प्रहलाद अग्रवाल (उद्योग), डॉ. अमिता त्रिपाठी (संगीत), एस.पी. सिंह (पत्रकारिता), उमाशंकर मिश्रा (रंग-कर्म), डॉ. कैलाश चन्द्र सारस्वत (चिकित्सा), बाल कथा व्यास खुशी किशोरी (धर्म-आध्यात्म), श्रीमती रितु गोयल (समाजसेवा), मनोज कुमार (चित्रकला) प्रमुख रहे।

स्कूल के बच्चों द्वारा प्रस्तुत श्री हनुमान स्तुति की एक झलक। 

मुख्य अतिथि बोले- डॊ. राम अवतार शर्मा ने देहदान से दी अमर प्रेरणा

मुख्य अतिथि अपर पुलिस आयुक्त आगरा राम बदन सिंह ने कहा कि डॉ. राम अवतार शर्मा द्वारा शिक्षा, संस्कृति और साहित्य के क्षेत्र में की गई सेवा अनुकरणीय है। उन्होंने देहदान कर चिकित्सा जगत में एक अद्वितीय उदाहरण प्रस्तुत किया। यह संदेश दिया कि इस संसार में कुछ भी स्थायी नहीं, सब ईश्वर का है, और उसी को समर्पित कर देना चाहिए।

डॊ. शर्मा ने जीवन से दी प्रेरणा- डॊ. रंजना बंसल

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं डॉ. रंजना बंसल ने कहा कि डॉ. शर्मा ने जो भी सिद्धांत अपनाए, उन्हें पहले स्वयं जीवन में उतारा और फिर समाज को प्रेरित किया। देहदान और जल संरक्षण जैसे कार्यों के माध्यम से उन्होंने समाज को जागरूक किया। उनका सम्पूर्ण जीवन हर व्यक्ति के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

300 विद्यार्थियों की हनुमान स्तुति ने बांधा समां

सेन्ट सी.एफ. एन्ड्रूज स्कूल, हाथरस रोड के लगभग 300 छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत हनुमान स्तुति ने कार्यक्रम में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार कर दिया। भगवान श्रीराम और हनुमान जी के जयघोष से सभागार गूंज उठा। विद्यार्थियों की प्रस्तुति और प्रभावशाली स्क्रिप्ट ने सभी को भावविभोर कर दिया।

प्रदर्शनी और आयोजन में शिक्षकों का योगदान

डॉ. राम अवतार शर्मा के जीवनवृत्त पर आधारित प्रदर्शनी के आयोजन में बबली मित्तल, सोनम गुप्ता, बलप्रीत कौर, दिव्या कौर, हरिओम सक्सेना और निखिल झा का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

परिवार और गणमान्यजनों की गरिमामयी उपस्थिति

इस अवसर पर डॉ. शर्मा के परिजन सेंट एंड्रूज ग्रुप के चेयरमैन डॊ. गिरधर शर्मा, श्रीमती सुनीता शर्मा, प्रांजल शर्मा, सीए अपूर्वा शर्मा, शिवांजल शर्मा एवं इं. ओशिन शर्मा की विशेष उपस्थिति रही। कार्यक्रम का संचालन कुमार ललित द्वारा अत्यंत सारगर्भित और काव्यमय शैली में कर वाहवाही लूटी। कार्यक्रम में शहर के विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य लोगों की मौजूदगी रही।

शिक्षकों और सहयोगियों की सक्रिय भूमिका

कार्यक्रम की सफलता में निशिमा अरोरा, हरिदत्त शर्मा, अंजलि पंडित, हर्षित सिन्हा, विजय गौतम, अमन एलेक्स, हरीओम तोमर, वर्षा वर्मा, कमल करीरा सहित अनेक शिक्षकों का उल्लेखनीय योगदान रहा। साथ ही रूचि तनवर, मुनेश अग्रवाल, अंशू सिंह, अभिषेक क्रिस्टी, सुनील उपाध्याय, रीनू त्रिवेदी, साहिबा खान, रीटा रॉय, बी.डी. दुबे, इन्दुबाला त्रिखा, सुरिति माथुर, मनोज शर्मा, अमृत गिल, आलोक वैष्णव आदि की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही।

कार्यक्रम के अंत में हरित पर्यावरण का संदेश देते हुए विद्यालय की ओर से सभी आगंतुकों को पौधे भेंट किए गए।

SP_Singh AURGURU Editor