आगरा में 11वीं की छात्रा दो दिन से लापता: नाराज होकर निकली थी, सीसीटीवी में ऑटो में बैठती दिखी

आगरा। आगरा शहर से एक 15 वर्षीय छात्रा के रहस्यमयी ढंग से लापता होने का मामला सामने आया है। शुक्रवार सुबह नाराज़ होकर घर से निकली यह 11वीं की छात्रा अब तक नहीं मिली है। सीसीटीवी फुटेज में उसे ऑटो में बैठते देखा गया, लेकिन उसके बाद से वह कहां गई, इसका कोई सुराग पुलिस के हाथ नहीं लग सका है। दो दिन बीत जाने के बावजूद न तो लोकेशन मिली, न कोई क्लू। परिजन थाने के चक्कर लगा रहे हैं और अनहोनी की आशंका से डरे हुए हैं।

Oct 26, 2025 - 14:04
 0
आगरा में 11वीं की छात्रा दो दिन से लापता: नाराज होकर निकली थी, सीसीटीवी में ऑटो में बैठती दिखी

थाना ट्रांस यमुना क्षेत्र के अंजनी विहार, बजरंग नगर, टेढ़ी बगिया इलाके की रहने वाली 15 वर्षीय यह किशोरी की किसी मामूली बात को लेकर अपनी मां से कहासुनी हुई थी। नाराज़ किशोरी बिना कुछ बताए घर से बाहर चली गई।

शुरुआत में परिजनों ने सोचा कि वह थोड़ी देर बाद लौट आएगी, लेकिन शाम तक जब कोई खबर नहीं मिली तो परिजनों की चिंता बढ़ गई। रिश्तेदारों, दोस्तों और आस-पड़ोस में तलाश शुरू की गई, पर नतीजा सिफर रहा।

इसके बाद परिवार ने मोहल्ले में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। एक कैमरे में छात्रा को ऑटो में बैठते हुए देखा गया। परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और बेटी की तलाश की गुहार लगाई।

थाना ट्रांस यमुना पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस का कहना है कि टीमें लगातार सक्रिय हैं और मोबाइल लोकेशन के आधार पर ट्रेस करने की कोशिश की जा रही है। हालांकि 48 घंटे बीत जाने के बावजूद न तो कोई लोकेशन मिली और न ही ऑटो चालक की पहचान हो सकी।

किशोरी के पिता ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि दो दिन हो गए, पर अब तक हमारी बेटी का कोई पता नहीं है। बस यही कहा जा रहा है कि तलाश जारी है। हमें डर है कि कहीं देर न हो जाए।

स्थानीय लोगों ने भी इस घटना पर चिंता जताई और कहा कि इलाके के सभी सीसीटीवी कैमरों की गहन जांच की जाए, ताकि किशोरी के लापता होने की कड़ी जल्द से जल्द मिल सके।

इस घटना के बाद से क्षेत्र में बेचैनी और भय का माहौल है। लोग पूछ रहे हैं कि जब शहर कैमरों से लैस है, तो एक नाबालिग छात्रा का सुराग दो दिन में क्यों नहीं लग पाया।

SP_Singh AURGURU Editor