आगरा के रोजगार मेला में 123 युवाओं को मिला सरकारी जॉब का तोहफ़ा, केंद्रीय मंत्री बोले- यह शुरुआत है

आगरा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आत्मनिर्भर भारत और रोजगार सृजन की दिशा में एक और कदम उठाते हुए ताजनगरी में रोजगार मेला एवं नियुक्ति पत्र वितरण समारोह का आयोजन हुआ। आर.बी.एस. कॉलेज, खंदारी स्थित राव कृष्णपाल ऑडिटोरियम में हुए इस समारोह में जब 123 चयनित युवाओं को सरकारी नियुक्ति पत्र मिले, तो पूरे सभागार में उम्मीदों और गर्व की लहर दौड़ गई।

Oct 24, 2025 - 17:02
 0
आगरा के रोजगार मेला में 123 युवाओं को मिला सरकारी जॉब का तोहफ़ा, केंद्रीय मंत्री बोले- यह शुरुआत है
आगरा में आयोजित रोजगार मेले में नियुक्ति पत्र पाने वाले युवाओं के साथ केंद्रीय मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल, विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल और अन्य। दूसरे चित्र में एक युवती को नियुक्ति पत्र सौंपते प्रो. बघेल।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्यमंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल और विशिष्ट अतिथि विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल रहे। दीप प्रज्ज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ और मोदी है तो मुमकिन है तथा युवा भारत – सशक्त भारत के नारों से वातावरण गूंज उठा।

देशभर में 51,000 युवाओं को मिला रोजगार का अवसर

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वीडियो संदेश के साथ राष्ट्रीय स्तर पर हुए इस रोजगार मेले में देशभर के 51,000 से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी का अवसर मिला। आगरा समेत आसपास के जिलों के चयनित 123 युवाओं को प्रो. बघेल ने व्यक्तिगत रूप से नियुक्ति पत्र सौंपे। इनमें डाक विभाग, रेलवे, इसरो, सीआरपीएफ और अन्य केंद्रीय संस्थान शामिल रहे।

प्रो. बघेल बोले- यह अंत नहीं, नई शुरुआत है

केंद्रीय राज्यमंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल ने कहा कि आज मिला यह नियुक्ति पत्र सिर्फ एक नौकरी नहीं, बल्कि नई जिम्मेदारी की शुरुआत है। मेहनत का फल मिला है। अब इसे सेवा और समर्पण से आगे बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में योग्यता को सम्मान और मेहनत को अवसर मिल रहा है। आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना, किसान सम्मान निधि, उज्ज्वला और जन-धन बीमा योजना ने आम नागरिकों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है।

विधायक खंडेलवाल बोले- अब हुनर है, तो नौकरी भी है

विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने कहा कि यह नियुक्ति पत्र सिर्फ रोजगार नहीं, बल्कि युवाओं के जीवन का मंगल पत्र है। पहले नौकरियां पैसे और सिफारिश से मिलती थीं, अब प्रतिभा और पारदर्शिता से।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में आईटीआई, स्किल सेंटर और ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट्स को नई ताकत मिली है। यही आत्मनिर्भर भारत की असली नींव है।

युवाओं में जोश, मुस्कानों में आत्मविश्वास

कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राष्ट्रव्यापी नियुक्ति समारोह को संबोधित किया।
नियुक्ति पत्र पाकर युवाओं के चेहरों पर गर्व और प्रसन्नता झलक रही थी। एक चयनित अभ्यर्थी ने कहा कि मोदी सरकार ने वादा किया था, और आज वो पूरा हुआ। अब देशसेवा के लिए हम पूरी तरह तैयार हैं।

Top of Form

SP_Singh AURGURU Editor