125 कुंतल सरकारी अनाज गायब, आगरा में महिला राशन डीलर पर कालाबाजारी का मुकदमा दर्ज
आगरा। आगरा में सरकारी राशन की कालाबाजारी का बड़ा मामला सामने आया है। पूर्ति विभाग के औचक निरीक्षण में एक महिला डीलर की दुकान से 125 कुंतल से अधिक सरकारी गेहूं और चावल गायब पाया गया । मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी के अनुमोदन के बाद थाना सदर बाजार में आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।
आगरा। आगरा में सरकारी राशन की कालाबाजारी का बड़ा मामला सामने आया है। पूर्ति विभाग के औचक निरीक्षण में एक महिला डीलर की दुकान से 125 कुंतल से अधिक सरकारी गेहूं और चावल गायब पाया गया । मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी के अनुमोदन के बाद थाना सदर बाजार में आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।
पूर्ति निरीक्षक (बरौली अहीर/बिचपुरी) अजय कुमार सिंह ने बताया कि उन्होंने 4 नवंबर 2025 को ग्राम पंचायत नैनाना जाट में पूनम देवी की उचित दर की दुकान का औचक निरीक्षण किया था। निरीक्षण के समय डीलर पूनम देवी दुकान पर मौजूद थीं, लेकिन जब उनसे स्टॉक रजिस्टर मांगा गया तो उन्होंने बताया कि रजिस्टर सचिव के हस्ताक्षर के लिए उनके पति ले गए थे और अब वह रजिस्टर “खो गया” है।
125 कुंतल से ज्यादा अनाज कम मिला
कार्यालय से प्राप्त रिकॉर्ड के अनुसार, दुकान पर कुल 116.874 कुंतल गेहूं, 175.246 कुंतल चावल और 0.25 कुंतल मक्का होना चाहिए था। मौके पर भौतिक सत्यापन में केवल 65 कुंतल गेहूं, 102 कुंतल चावल और 25 किलो मक्का ही मिला। इस प्रकार स्टॉक में 51.874 कुंतल गेहूं और 73.246 कुंतल चावल कम पाया गया। डीलर इस कमी का कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सकीं।
कार्डधारकों ने की शिकायत
निरीक्षण के दौरान 118 कार्डधारकों (68 व्यक्तिगत, 50 सामूहिक) के बयान लिए गए। इनमें से कई ने डीलर द्वारा घटतौली करने, राशन कम देने और डीलर के पति द्वारा दुर्व्यवहार करने की शिकायतें दर्ज कराईं।
एफआइआर दर्ज, दुकान सील
पूर्ति निरीक्षक की रिपोर्ट पर जिलाधिकारी ने जांच को गंभीर मानते हुए एफआईआर की अनुमति दी। 6 नवंबर 2025 को अनुमोदन के बाद, 7 नवंबर को थाना सदर बाजार में पूनम देवी के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 की धारा 3/7 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने दुकान का शेष खाद्यान्न, ई-पॉस मशीन और इलेक्ट्रॉनिक तराजू जब्त कर लिए हैं। साथ ही, राशन वितरण की जिम्मेदारी ग्राम पंचायत के दूसरे विक्रेता श्रीमान सिंह को सौंप दी गई है।