बरेली में 12वीं के छात्र की दोस्तों ने चाकू से गोदकर हत्या, दो गुटों के बीच विवाद का समझौता कराने गया शिवा अपनी जान गंवा बैठा

-आरके सिंह- बरेली। इज्जतनगर थाना क्षेत्र में दोस्ती का चेहरा उस वक्त खौफनाक हो गया जब 12वीं के छात्र को उसी के दोस्तों ने चाकुओं से गोदकर मौत के घाट उतार दिया। 17 वर्षीय शिवा पटेल दो गुटों के बीच चल रहे विवाद को सुलझाने गया था, लेकिन वहीं विवाद उसकी जिंदगी पर भारी पड़ गया। गंभीर हालत में अस्पताल ले जाए गए शिवा ने शनिवार को इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।

Mar 28, 2026 - 19:52
Mar 28, 2026 - 19:53
 0
बरेली में 12वीं के छात्र की दोस्तों ने चाकू से गोदकर हत्या, दो गुटों के बीच विवाद का समझौता कराने गया शिवा अपनी जान गंवा बैठा
मृत छात्र शिवा का फाइल फोटो।

समझौता कराने गया, बना हमले का शिकार

जानकारी के अनुसार, अशोक विहार (संजय नगर) निवासी शिवा पटेल (17) शुक्रवार शाम करीब 7 बजे घर पर खाना खा रहा था, तभी 5-6 दोस्त उसे बुलाने आए। उनमें मानव राजपूत भी शामिल था। दोस्तों के बुलावे पर शिवा खाना छोड़कर उनके साथ चला गया।

बताया गया कि घर से करीब 400 मीटर दूर दो गुटों के बीच विवाद चल रहा था, जिसे सुलझाने के लिए शिवा को ले जाया गया था।

कहासुनी के बाद चाकुओं से किया हमला

मौके पर मौजूद एक युवक के अनुसार, एक गुट ने शिवा की बात मान ली, लेकिन दूसरे गुट ने उसे थप्पड़ मार दिया। इसके बाद शिवा ने भी जवाब में 2-3 थप्पड़ मार दिए। तभी मामला बेकाबू हो गया।

दूसरे गुट के 12-15 लड़कों में से कुछ ने शिवा को पकड़ लिया और 3-4 युवकों ने चाकू निकालकर उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गले, पेट और सीने पर 4-5 वार किए गए, जिससे उसकी आंतें तक बाहर आ गईं और वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा।

अस्पताल में मौत, परिजनों में मचा कोहराम

घटना के बाद मौके पर मौजूद अन्य युवकों ने शिवा को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन गंभीर हालत के चलते शनिवार को उसकी मौत हो गई।

भाई हिमांशु पटेल ने बताया कि जब वह घर लौटा तो वही लड़के दरवाजे पर खड़े थे और उन्होंने बताया कि शिवा अस्पताल में भर्ती है। अस्पताल पहुंचने पर उसकी हालत बेहद गंभीर थी। इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

आरोपी फरार, पुलिस की तीन टीमें तलाश में जुटीं

घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। सीओ थर्ड पंकज श्रीवास्तव ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उनकी गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें गठित की गई हैं और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

पुलिस का कहना है कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच जारी है।

इस वारदात ने दोस्ती के रिश्तों को शर्मसार कर दिया है। मामूली विवाद में जिस तरह से एक नाबालिग छात्र की हत्या की गई, उसने पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश पैदा कर दिया है।

SP_Singh AURGURU Editor