149वां श्री रामलीला महोत्सवः श्रीराम-हनुमान मंदिर में राजा दशरथ-राजा जनक परिवारों का अभिनंदन

149 वर्षों की गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाते हुए श्री रामलीला महोत्सव-2026 का आगाज शनिवार को आगरा में भक्ति, आस्था और सांस्कृतिक गरिमा के साथ हुआ। रामलीला मैदान स्थित श्री राम हनुमान मंदिर में आयोजित समारोह में राजा दशरथ एवं राजा जनक के स्वरूपों और उनके परिवारों का भव्य अभिनंदन किया गया। श्रीराम की आरती, रामचरितमानस की चौपाइयों और जय श्रीराम के गगनभेदी उद्घोष से पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो उठा।

Aug 1, 2026 - 19:59
 0
149वां श्री रामलीला महोत्सवः श्रीराम-हनुमान मंदिर में राजा दशरथ-राजा जनक परिवारों का अभिनंदन
रामलीला मैदान स्थित श्रीराम-हनुमान मंदिर में राजा दशरथ और राजा जनक परिवारों का अभिनंदन करते श्रीरामलीला कमेटी के पदाधिकारी।

आगरा। आगरा की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान बन चुके 149वें श्री रामलीला महोत्सव-2026 की शनिवार को मंगल शुरुआत हुई। श्री रामलीला कमेटी की ओर से रामलीला मैदान स्थित श्री राम हनुमान मंदिर में राजा दशरथ एवं राजा जनक के सपरिवार भव्य अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के पदाधिकारी तथा गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण एवं श्रीहनुमान जी की विधिवत आरती से हुआ। इसके बाद मंदिर परिसर जय श्रीराम के गगनभेदी उद्घोष, रामचरितमानस की पावन चौपाइयों और मंगल आरती से पूरी तरह भक्तिमय हो उठा।

समारोह की अध्यक्षता करते हुए विधायक एवं श्री रामलीला कमेटी के अध्यक्ष पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने कहा कि भगवान श्रीराम भारतीय संस्कृति, मर्यादा, सत्य, सेवा और आदर्श जीवन के सर्वोच्च प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि श्री रामलीला महोत्सव केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति और जीवन मूल्यों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम है।

श्री रामलीला कमेटी के महामंत्री राजीव अग्रवाल ने कहा कि 149 वर्षों से निरंतर आयोजित हो रहा यह महोत्सव आगरा की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का गौरवशाली प्रतीक है। उन्होंने कहा कि रामलीला केवल रामकथा का मंचन नहीं, बल्कि समाज में धर्म, कर्तव्य, सेवा, समरसता और राष्ट्रभाव का संदेश देने वाला जनआंदोलन है। उन्होंने नागरिकों से इस ऐतिहासिक परंपरा के संरक्षण और संवर्धन में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।

समारोह में श्री रामलीला कमेटी की ओर से राजा दशरथ एवं रानी कौशल्या के स्वरूप संजय सिंघल का उनके पुत्र एवं पुत्रवधू रजत सिंघल एवं निमिषा सिंघल, तथा पुत्री एवं दामाद आयुषी एवं कृष्ण बिहारी गर्ग सहित सपरिवार अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मान किया गया।

इसी प्रकार राजा जनक एवं रानी सुनैना के स्वरूप अशोक गोयल एवं लता गोयल का उनके पुत्र एवं पुत्रवधू शोभिक गोयल एवं स्मृति कमल, पुत्री एवं दामाद अनुप्रिया एवं कमलनयन फतेहपुरिया, तथा सुनीता मित्तल सहित ससम्मान अभिनंदन किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों के रूप में मुरारी लाल फतेहपुरिया, अजय कुमार गर्ग (अवागढ़) एवं सुरेश चंद्र गर्ग उपस्थित रहे।

जनकपुरी महोत्सव आयोजन समिति के अध्यक्ष राजीव कुमार (राजू यादव) ने कहा कि मिथिला नगरी में जनकनंदिनी सीता के विवाह की तैयारियां पूरे उत्साह के साथ चल रही हैं। उन्होंने कहा कि इस वर्ष का जनकपुरी महोत्सव भी भव्य, आकर्षक और ऐतिहासिक बनाने के लिए समिति पूरी निष्ठा से कार्य कर रही है।

इस अवसर पर श्री रामलीला कमेटी की ओर से कोषाध्यक्ष ताराचंद अग्रवाल, उपाध्यक्ष विजय प्रकाश गोयल, विनोद जौहरी, मनोज अग्रवाल (पोली), मुकेश तिवारी, अनिल बंसल, प्रवीण स्वरूप, आनंद मंगल, राहुल गौतम, रामकिशन अग्रवाल, गिरधर शरण, महेश अग्रवाल, प्रकाश चंद्र, राहुल शर्मा, आयुष अग्रवाल, रमांशु शर्मा सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।

जनकपुरी महोत्सव आयोजन समिति की ओर से मनोज बंसल, संजय गोयल, शलभ शर्मा, अशोक गुप्ता, प्रशांत जैन, पार्षद वेद गोस्वामी, संतोष कटारा, अरविंद शर्मा, आकाश गोयल, राणा सुशील सिंह, अनीता यादव, मीना यादव, अमृता पोरवाल, शीतल अग्रवाल, प्रियंका सिंह, आरती शर्मा एवं दीप्ति अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में सदस्य मौजूद रहे। संचालन संजय तिवारी ने किया। समारोह का समापन श्रीराम की मंगल आरती, जय श्रीराम के सामूहिक उद्घोष तथा प्रसाद वितरण के साथ हुआ।

SP_Singh AURGURU Editor