आगरा के महालक्ष्मी मंदिर में चार राज्यों के 150 जोड़े करेंगे सामूहिक 11वां एकादशी उद्यापन

आगरा। भक्ति, श्रद्धा और सनातन परंपरा का भव्य संगम एक बार फिर आगरा में देखने को मिलेगा। श्री हरि बोल सेवा समिति की ओर से बलकेश्वर स्थित श्री महालक्ष्मी मंदिर में तीन दिवसीय सामूहिक 11वां एकादशी उद्यापन एवं खाटू श्याम भजन संध्या का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस धार्मिक आयोजन में उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान और हरियाणा से बड़ी संख्या में श्रद्धालु परिवार सहभागिता करेंगे।

Jan 21, 2026 - 19:40
 0
आगरा के महालक्ष्मी मंदिर में चार राज्यों के 150 जोड़े करेंगे सामूहिक 11वां एकादशी उद्यापन
11वें सामूहिक एकादशी उद्यापन के आमंत्रण पत्र का विमोचन करते कार्यक्रम के आयोजक।

बुधवार को कमला नगर स्थित सेलिब्रेशन होटल में समिति के पदाधिकारियों द्वारा सामूहिक 11वें एकादशी उद्यापन के आमंत्रण पत्र का विधिवत विमोचन किया गया। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

समिति के संस्थापक भोलानाथ अग्रवाल ने बताया कि 29 और 30 जनवरी को होने वाले सामूहिक एकादशी उद्यापन में लगभग 150 जोड़े एक साथ विधि-विधान से उद्यापन करेंगे। यह आयोजन धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक समरसता का भी प्रतीक बनेगा।

उद्यापन से पूर्व 28 जनवरी को श्री श्याम चाकरी परिवार के सहयोग से महालक्ष्मी मंदिर परिसर में खाटू श्याम भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। भजन संध्या में प्रसिद्ध भजन गायिका प्रीति शर्मा, त्रिलोकी शर्मा, पीयूष गोयल एवं प्रखर लोहिया खाटू नरेश के मधुर भजनों से श्रद्धालुओं को भाव-विभोर करेंगे।

समिति के अध्यक्ष केशव अग्रवाल एवं महामंत्री विक्की गर्ग ने कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि 29 जनवरी को प्रातः 8 बजे दीप प्रज्वलन, 9 बजे एकादशी कथा, तत्पश्चात आरती एवं ब्राह्मण भोज होगा। 30 जनवरी को प्रातः 8 बजे दीप प्रज्वलन, 9 बजे हवन पूजन, 10 बजे आरती और दोपहर 1 बजे सामूहिक प्रसादी का आयोजन किया जाएगा।

इस दौरान मंच पर राधा–कृष्ण की दिव्य झांकी के दर्शन भी श्रद्धालुओं को प्राप्त होंगे। समिति द्वारा बताया गया कि एकादशी उद्यापन के लिए पंजीकरण प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है।

आमंत्रण पत्र विमोचन के अवसर पर रामप्रकाश अग्रवाल, वी.के. मित्तल, राजू बंसल, चंद्रेश गर्ग, अमित ग्वाला, सुमन गोयल, योगेश गुप्ता, विष्णु अग्रवाल, विनय वर्मा, अजय गुप्ता, अमित माहेश्वरी, विशाल गोयल, निक्की जौहरी, शैलेंद्र गुप्ता, बबीता गोयल, दीप्ति गुप्ता, आनंद जौहरी, राम गोपाल, विशेष शर्मा, अंशिका, लवी, प्रियंका, नेहा, सीमा, पूजा, पिंकी, रंजना सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

SP_Singh AURGURU Editor