चार राज्यों के 151 परिवारों का आगरा के महालक्ष्मी मंदिर में सामूहिक एकादशी उद्यापन शुरू

सनातन परंपरा, सामूहिक साधना और सामाजिक समरसता के अनुपम संगम के साथ श्री हरि बोल सेवा समिति द्वारा बल्केश्वर स्थित श्री महालक्ष्मी मंदिर में सामूहिक 11वें एकादशी उद्यापन का भव्य शुभारंभ हुआ, जहां चार राज्यों से आए 151 परिवारों ने एक स्वर में हरि नाम का गुणगान कर आध्यात्मिक वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

Jan 29, 2026 - 20:35
Jan 29, 2026 - 22:20
 0
चार राज्यों के 151 परिवारों का आगरा के महालक्ष्मी मंदिर में सामूहिक एकादशी उद्यापन शुरू
बल्केश्वर स्थित महालक्ष्मी मंदिर में गुरुवार को आयोजित 11वें सामूहिक एकादशी उद्यापन की एक झलक।

आगरा। श्री हरि बोल सेवा समिति की ओर से आयोजित सामूहिक 11वें एकादशी उद्यापन का शुभारंभ बल्केश्वर स्थित श्री महालक्ष्मी मंदिर में विधिवत वैदिक अनुष्ठानों के साथ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन पार्षद मुरारी लाल गोयल और समिति के संस्थापक भोलनाथ अग्रवाल ने भगवान गणेश के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन कर किया। गणेश वंदना के साथ प्रारंभ हुए इस आध्यात्मिक आयोजन ने पहले ही दिन श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया।

प्रथम दिवस आचार्य विष्णु दत्त शास्त्री ने 26 एकादशी अध्यायों का रसपूर्ण वाचन किया, जिसे सुनकर श्रद्धालु हरि संकीर्तन में लीन हो गए। मंदिर परिसर में “श्री हरि” के जयघोष और कीर्तन की गूंज से वातावरण पूरी तरह भक्तिरस में सराबोर रहा। समिति की ओर से अतिथियों, यजमान परिवारों एवं पूजनीय ब्राह्मणों के लिए फलाहार की व्यवस्था की गई।

समिति के अध्यक्ष केशव अग्रवाल ने बताया कि एकादशी व्रत से जीवन में सुख, शांति, समृद्धि, सात्विकता, स्वास्थ्य और सौभाग्य का संचार होता है। सामूहिक रूप से उद्यापन कराने का उद्देश्य अनावश्यक खर्च पर रोक लगाना और समाज में सनातन मूल्यों को सशक्त रूप से स्थापित करना है।

महामंत्री विक्की गर्ग ने जानकारी दी कि जया एकादशी उद्यापन में उत्तर प्रदेश के साथ-साथ दिल्ली, हरियाणा और राजस्थान से आए कुल 151 जोड़ो ने सामूहिक रूप से एकादशी उद्यापन किया। कार्यक्रम के दूसरे दिन शुक्रवार को सुबह 8 बजे दीप प्रज्वलन, 9 बजे हवन-पूजन, 10 बजे आरती और दोपहर 1 बजे सामूहिक प्रसादी के साथ उद्यापन का समापन होगा।

आयोजन की व्यवस्थाओं को उपाध्यक्ष विष्णु अग्रवाल, विनय वर्मा, योगेश गुप्ता और वरिष्ठ संरक्षक चंद्रेश गर्ग ने सुव्यवस्थित रूप से संभाला। इस अवसर पर अमित अग्रवाल, बबीता गोयल, सीमा सिंघल, पूजा जैन, प्रियंका वर्मा, विनीता गोयल, अंशिका गुप्ता, दीप्ति गुप्ता, रेनू गुप्ता, रंजना राणा, संध्या जैन, सपना, रेखा, शालिनी, मुस्कान सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

70 जोड़ों ने हवन-पूजन व कथा श्रवण कर किया सामूहिक एकादशी उद्यापन, कल 11 बेटियों का होगा सर्वजातीय विवाह

 

बल्केश्वर के मनोहरपुर में सामूहिक एकादशी उद्यापन की एक झलक।

आगरा। धार्मिक संस्था हरि बोल ट्रस्ट, आगरा द्वारा एकलव्य वाटिका, मनोहरपुर, बलकेश्वर रोड पर आयोजित विशाल सामूहिक एकादशी उद्यापन एवं सर्वजातीय सामूहिक विवाह समारोह के तीन दिवसीय आयोजन के तहत गुरुवार को माह की सबसे बड़ी एकादशी पर 70 जोड़ों ने विधिवत हवन-पूजन कर सामूहिक एकादशी उद्यापन किया। इस अवसर पर कार्यक्रम स्थल वैदिक मंत्रोच्चार से गुंजायमान रहा और भक्तिमय वातावरण बना रहा।

प्रातः कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ विशिष्ट अतिथि अमित अग्रवाल (ग्वाला), वीरेंद्र मित्तल, संरक्षक विनीता अग्रवाल, डॉली अग्रवाल, प्रियंका गोयल, अर्चना अग्रवाल, दीप्ति गुप्ता, रीना जालन सहित अन्य अतिथियों ने किया। देव पूजन के उपरांत विद्वान आचार्यों द्वारा एकादशी कथा का श्रवण कराया गया, जिसके बाद सभी जोड़ों एवं ट्रस्ट पदाधिकारियों ने सामूहिक आरती की। दोपहर में ब्राह्मण भोज एवं फलाहार का आयोजन किया गया।

ट्रस्ट की संस्थापक ममता सिंघल ने बताया कि शुक्रवार 30 जनवरी को सर्वजातीय सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें 11 जोड़ों का वैदिक रीति-रिवाज से विवाह संपन्न कराया जाएगा। वहीं ट्रस्ट अध्यक्ष जितेंद्र गोयल ने बताया कि प्रातः बलकेश्वर महादेव मंदिर से गाजे-बाजों के साथ 11 दुल्हों की भव्य बारात निकलेगी, जिसके बाद वरमाला, प्रीतिभोज और विदाई कार्यक्रम संपन्न होंगे।

Top of Form

 

SP_Singh AURGURU Editor