21 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत, फतेहपुर सीकरी पुलिस ने जलती चिता से शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा, पति हिरासत में, आरोप- मृतका जब 15 की थी, तब भगाकर ले गया था आरोपी और शादी कर ली थी

आगरा जनपद के फतेहपुर सीकरी थाना क्षेत्र में एक 21 वर्षीय महिला की संदिग्ध हालातों में हुई मौत ने सनसनी फैला दी। नाबालिग अवस्था में भगाकर ले जाने, कथित विवाह और धर्म परिवर्तन के आरोपों के बीच पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए अंतिम संस्कार को रोक दिया और जलती चिता से शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है।

Feb 11, 2026 - 18:53
 0
21 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत, फतेहपुर सीकरी पुलिस ने जलती चिता से शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा, पति हिरासत में, आरोप- मृतका जब 15 की थी, तब भगाकर ले गया था आरोपी और शादी कर ली थी
मृतका सना कुरैशी उर्फ मोहिनी।

जलती चिता, जिससे मृतका का शव बरामद किया गया।

फतेहपुर सीकरी (आगरा)। थाना फतेहपुर सीकरी क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम जाजऊ निवासी सना कुरैशी उर्फ मोहिनी (उम्र लगभग 21 वर्ष) पत्नी अजीत की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। पुलिस की सतर्कता से समय रहते श्मशान घाट पर हो रहे अंतिम संस्कार को रोक दिया गया और जलती चिता को बुझाकर शव को कब्जे में ले लिया गया।

चिता से बरामद किये गये शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाती पुलिस।

बुधवार को अपराह्न करीब 3:30 बजे मृतका के पिता निजाम पुत्र अलादद्दीन, निवासी किरावली, थाना फतेहपुरसीकरी पहुंचे और सूचना दी कि उनकी पुत्री की उसके ससुराल पक्ष ने हत्या कर दी है और साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव का अंतिम संस्कार किया जा रहा है।

सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक फतेहपुर सीकरी पुलिस बल के साथ तत्काल श्मशान घाट पहुंचे। वहां चिता जल रही थी, जिसे तुरंत बुझवाकर शव को सुरक्षित बाहर निकलवाया गया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

परिजनों का आरोप है कि करीब छह वर्ष पूर्व, जब सना नाबालिग थी (लगभग 15 वर्ष), तभी एक युवक जो उनके घर किस्त वसूली के लिए आता था, उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। बाद में कथित रूप से कोर्ट मैरिज कराई गई और धर्म परिवर्तन भी कराया गया। परिजनों का कहना है कि ससुराल में सना को लगातार प्रताड़ित किया जाता था और उसकी एक नन्ही बच्ची भी है।

परिवार का यह भी आरोप है कि सना की मौत के बाद मायके पक्ष को बिना सूचना दिए ही ससुराल वाले अंतिम संस्कार कर रहे थे। पुलिस के मौके पर पहुंचने पर कुछ समय के लिए हंगामा हुआ, लेकिन पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित कर लिया।

थाना प्रभारी के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट होगी। पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यदि जांच में हत्या, साजिश या किसी अन्य आपराधिक कृत्य की पुष्टि होती है, तो दोषियों के खिलाफ कठोरतम कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं, नाबालिग अवस्था में ले जाना, कथित विवाह, धर्म परिवर्तन और मृत्यु के कारण की गहन जांच कर रही है।

SP_Singh AURGURU Editor