22 लाख की शिकायत, 97 लाख की बरामदगी, 7 घंटे में पुलिस ने खोली बड़ी चोरी की परतें

आगरा। शहर में चोरी के खुलासे का एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जूता व्यापारी द्वारा महज 20–22 लाख रुपये चोरी की शिकायत पर जांच शुरू करने वाली पुलिस जब आरोपियों तक पहुंची, तो उनके पास से पूरे 97 लाख रुपये नकद बरामद हुए। इतनी बड़ी रकम देखकर न सिर्फ पुलिस बल्कि राजस्व व अन्य जांच एजेंसियों के भी कान खड़े हो गए हैं।

Jan 7, 2026 - 15:13
 0
22 लाख की शिकायत, 97 लाख की बरामदगी, 7 घंटे में पुलिस ने खोली बड़ी चोरी की परतें
इमेज फोटो

आगरा। शहर में चोरी के खुलासे का एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जूता व्यापारी द्वारा महज 20–22 लाख रुपये चोरी की शिकायत पर जांच शुरू करने वाली पुलिस जब आरोपियों तक पहुंची, तो उनके पास से पूरे 97 लाख रुपये नकद बरामद हुए। इतनी बड़ी रकम देखकर न सिर्फ पुलिस बल्कि राजस्व व अन्य जांच एजेंसियों के भी कान खड़े हो गए हैं।

यह मामला थाना मदन मोहन गेट क्षेत्र के मोती कटरा इलाके का है। यहां तनिष्क ग्रीन अपार्टमेंट, ओल्ड विजय नगर कॉलोनी निवासी जूता कारोबारी हरीश कुमार वंजानी की फर्म हरमीरा फुटकेयर (Harmeera Footcare) स्थित है। व्यापारी ने 6 जनवरी को थाना एमएम गेट में तहरीर दी कि 5 जनवरी की रात करीब 9 बजे दुकान बंद कर घर चले गए थे। सुबह 8:48 बजे चौकीदार ने फोन कर बताया कि दुकान के बाहर के ताले टूटे हैं।

डुप्लीकेट चाबी से खोला गया गल्ला

दुकान पर पहुंचने पर कारोबारी ने पाया कि बाहर का ताला टूटा हुआ है और अंदर गल्ले की दराज को डुप्लीकेट चाबी से खोला गया है। उन्होंने पुलिस को बताया कि गल्ले की एक दराज अंदर और एक बाहर थी, जिनसे करीब 20 से 22 लाख रुपये नकद चोरी होने का अनुमान है। इसी आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

शक की सुई कर्मचारियों पर, 7 घंटे में खुलासा

जांच के दौरान पुलिस ने फर्म में काम करने वाले कर्मचारियों की भूमिका खंगालनी शुरू की। पूछताछ में तीन पूर्व कर्मचारियों पर शक गहराया। सख्ती से पूछताछ के बाद पुलिस एक आरोपी के घर तक पहुंची, जहां से 97 लाख रुपये नकद बरामद कर लिए गए। यह बरामदगी शिकायत की रकम से कई गुना ज्यादा थी।

साइबर सेल व काउंटर इंटेलिजेंस की भूमिका

इस पूरे ऑपरेशन में साइबर सेल और काउंटर इंटेलिजेंस की भी अहम भूमिका रही। महज 7 घंटे के भीतर पुलिस ने चोरी का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जो अपने आप में बड़ी सफलता मानी जा रही है।

अब 97 लाख के स्रोत की जांच

बरामद की गई भारी-भरकम नकदी को लेकर अब सवाल उठ रहे हैं कि क्या यह रकम सिर्फ इसी चोरी से जुड़ी है? या किसी अन्य लेन-देन, टैक्स चोरी या अवैध गतिविधि से संबंधित है? फिलहाल पुलिस के साथ-साथ राजस्व व अन्य संबंधित विभाग भी रकम के स्रोत की जांच में जुट गए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले का विस्तृत खुलासा किया जाएगा।