आगरा के भदरौली में कैंटर से पकड़ा गया 250 किलोग्राम संदिग्ध पाउडर, नकली दूध के गोरखधंधे से जुड़े होने का अंदेशा
मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस ने पिनाहट थाना क्षेत्र के भदरौली में एक ट्रांसपोर्ट की कैंटर गाड़ी को पकड़कर बड़ी कार्रवाई की है। कैंटर से 25–25 किलो वजन के 10 पैकेट संदिग्ध पाउडर बरामद किये गये हैं। आशंका जताई जा रही है कि इस पाउडर का इस्तेमाल नकली दूध तैयार करने में किया जाना था।
आगरा। पिनाहट थाना क्षेत्र के भदरौली गांव के पास मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने एक कैंटर गाड़ी को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान कैंटर में लदी 25 किलो वजन की 10 बोरियां बरामद हुईं, जिनमें पाउडर भरा हुआ था। पाउडर की प्रकृति और उपयोग को लेकर तत्काल प्रशासनिक अधिकारियों और खाद्य सुरक्षा विभाग को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही नायब तहसीलदार दयानंद पौरुष फूड विभाग की टीम के साथ मौके पर पहुंचे। फूड विभाग ने बरामद पाउडर के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए हैं। अधिकारियों ने कैंटर को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
सूत्रों के अनुसार भदरौली और पिनाहट क्षेत्र में सर्दियों के मौसम में नकली दूध बनाने का धंधा तेजी से सक्रिय रहता है और आशंका है कि इसी तरह के पाउडर का इसमें बड़े पैमाने पर इस्तेमाल किया जाता है। यह खेप भी उसी अवैध कारोबार से जुड़ी हो सकती है।
नायब तहसीलदार दयानंद पौरुष ने बताया कि पकड़े गए सभी 10 पैकेट 25-25 किलो के हैं और यह सामग्री फिरोजाबाद से लाई गई थी। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि जांच में पाउडर नकली दूध निर्माण से संबंधित पाया गया, तो दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस और प्रशासन पूरे मामले की गहन जांच में जुटा हुआ है, वहीं क्षेत्रवासियों में नकली खाद्य पदार्थों को लेकर चिंता बढ़ गई है।