खेत में लगाये ‘झटका तार’ के करंट से 26 साल के नौजवान की मौत, आगरा के अनिरुद्धपुरा गांव के शिव कुमार के साथ राजस्थान सीमा में स्थित खेत पर हुआ जानलेवा हादसा
आगरा के थाना मंसुखपुरा क्षेत्र से सटे आगरा-राजस्थान सीमा पर एक खतरनाक लापरवाही ने एक युवक की जान ले ली। खेत में लगाए गए झटका तार की चपेट में आकर 26 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जिससे पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
आगरा। जनपद के मंसुखपुरा थाना क्षेत्र और राजस्थान के राजाखेड़ा थाना क्षेत्र की सीमाएं जुड़ी हुई हैं। आगरा के अनिरुद्धपुरा गांव का 26 वर्षीय युवक शिव कुमार, अपने खेत, जो राजाखेड़ा थाना क्षेत्र के गांव गढ़ी जोनाबाद में है, पर गया हुआ था। गुरुवार की सुबह खेत में लगे झटका तार (करंट युक्त तार) की चपेट में आने से शिव कुमार गंभीर रूप से झुलस गया और मौके पर ही गिर पड़ा।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और युवक को गंभीर अवस्था में उपचार के लिए राजाखेड़ा के एक अस्पताल में ले गये, जहां जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। गांव में शोक की लहर दौड़ गई और हर किसी की आंखें नम हो गईं।