30 घंटे की जन-चौपाल: बाह तहसील प्रांगण में 15 व 16 को सांसद चाहर करेंगे जनता से संवाद
आगरा। फतेहपुर सीकरी के सांसद एवं भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजकुमार चाहर 15 और 16 सितंबर को बाह तहसील प्रांगण में दो दिवसीय सांसद जन-चौपाल आयोजित करेंगे, जिसमें वह स्वयं 30 घंटे लगातार मौजूद रहकर जनता की समस्याएं सुनेंगे और विभागीय अधिकारियों की मौजूदगी में उनका समाधान सुनिश्चित कराएंगे।
पिछले साल दक्षिणांचल कार्यालय से शुरू की गई सांसद जनचौपाल की कड़ी में यह चौपाल बाह तहसील प्रांगण में होने जा रही है। सांसद चाहर ने बताया कि पूर्व में लगाई गई जन-चौपाल में जनहित से जुड़े कार्यों में सकारात्मक परिणाम आये थे। केंद्र व उत्तर प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार व पात्रों को योजनाओं का लाभ एवं विभिन्न विभागों से सम्बंधित जनता की समस्याओं का निस्तारण ही सांसद जन-चौपाल का उद्देश्य है।
सांसद ने बताया कि 15 सितम्बर को पूर्वाह्न 11 बजे से वे जन चौपाल में पहुंच जाएंगे और 16 सितम्बर शाम पांच बजे तक वहीं मौजूद रहेंगे। इस दौरान जन समस्याएं सुनकर वहीं पर उनका निराकरण कराया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस 2 दिवसीय जन-चौपाल में केन्द्रीय और राज्य के जिला एवं तहसील स्तरीय विभिन्न विभागों के सभी वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहेंगे। सभी महत्वपूर्ण विभागों को विभागीय कैंप लगाने हेतु निर्देश दिए गए हैं। केंद्र व उत्तर प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार व पात्रों को योजनाओं का लाभ एवं विभिन्न विभागों से सम्बंधित जनता की समस्याओं का निस्तारण किया जाएगा।