वीर गोकुला का 356वां बलिदान दिवस एक जनवरी को आगरा किले के समक्ष श्रद्धा से मनाया जाएगा
आगरा। भारतवर्ष के इतिहास में स्वाधीनता, स्वाभिमान और अत्याचार के विरुद्ध संघर्ष का प्रतीक रहे अमर बलिदानी वीर गोकुला उर्फ गोकुल सिंह जाट का 356वां बलिदान दिवस 1 जनवरी 2026 को गत वर्षों की भांति आगरा किले के समक्ष स्थित उनकी प्रतिमा स्थल पर पूरे श्रद्धा और गरिमा के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर यज्ञ, विचार गोष्ठी और श्रद्धांजलि कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें समाज के गणमान्य लोग सहभागिता करेंगे।
अखिल भारतीय जाट महासभा के जिला अध्यक्ष कप्तान सिंह चाहर एवं महानगर अध्यक्ष गजेंद्र सिंह नरवार ने संयुक्त रूप से जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 10:00 बजे हवन-यज्ञ से होगा, जबकि 11:00 बजे से विचार गोष्ठी आयोजित की जाएगी। कार्यक्रम में वीर गोकुला के बलिदान, उनके संघर्ष और देशभक्ति पर विचार व्यक्त किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि अखिल भारतीय जाट महासभा के प्रदेश अध्यक्ष श्री प्रताप चौधरी (पूर्व विधायक) मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे। इसके साथ ही प्रदेश उपाध्यक्ष मानसिंह (पूर्व ब्लॉक प्रमुख), राधेश्याम मुखिया, जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष जयप्रकाश चाहर और अन्य पदाधिकारी एवं समाजसेवी उपस्थित रहेंगे।
आयोजकों ने समाज के सभी वर्गों, युवाओं और नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर वीर गोकुला के बलिदान को नमन करने और उनके आदर्शों से प्रेरणा लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि वीर गोकुला का जीवन अन्याय के विरुद्ध संघर्ष, आत्मसम्मान और राष्ट्रधर्म का प्रतीक है, जिसे भावी पीढ़ियों तक पहुंचाना हम सबका कर्तव्य है।