36वां यूपीकॊनः आगरा में एक हजार विशेषज्ञ डॊक्टर करेंगे स्त्री रोगों पर मंथन
आगरा। बांझपन, प्रजनन, कैंसर, एनीमिया सहित महिलाओं की विभिन्न बीमारियों के कारण और इलाज पर चर्चा करने के लिए 21-23 मार्च के बीच देश भर से एक हजार से अधिक स्त्री रोग विशेषज्ञ आगरा में जुटेंगे। एसएन मेडिकल कालेज के स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग और एओजीएस के संयुक्त तत्वावधान में होटल डबल ट्री बाई हिल्टन में 36वां वार्षिक अधिवेशन यूपीकॉन 2025 का आयोजन होने जा रहा है। इसमें 280 से अधिक शोधपत्र भी प्रस्तुत किए जाएंगे।
-21-23 मार्च तक आयोजन, बांझपन व प्रजनन समेत कई बीमारियों पर होगी चर्चा
-इलाज की नई तकनीकों पर चर्चा सहित 280 शोधपत्र भी प्रस्तुत किए जाएंगे
यह जानकारी आज कार्यक्रम के आमंत्रण पत्र के विमोचन के मौके पर आयोजन समिति की अध्यक्ष डॊ. सरोज सिंह एवं सचिव डॊ. रिचा सिंह ( विभागाध्यक्ष एसएन मेडिकल कालेज स्त्री व प्रसूति रोग) ने दी।
डॊ. रिचा सिंह और डॊ. सरोज सिंह ने बताया कि कार्यशाला में उप्र के विभिन्न शहरों के अलावा दिल्ली, रोहतक, फरीदाबाद, जयपुर, मुम्बई, अहमदाबाद, नागपुर, चेन्नई, मनीपाल बेंगलुरु, भोपाल, इंदौर, शिमला, भुवनेश्वर से विशेषज्ञ चिकित्सक व्याख्यान देंगे।
कार्यशाला का उद्घाटन 22 मार्च को सुबह 11.30 बजे मुख्य अतिथि डॉ. सुनीता तेंदुलवाडकर और विशिष्ट अतिथि एसएन मेडिकल कालेज के प्राचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता करेंगे। 20 मार्च को सुबह छह बजे वॉकॉथन के साथ कार्यशाला का आगाज होगा, जिसमें महिलाओं के स्वास्थ्य सम्बंधी विषयों पर आमजन को जागरूक किया जाएगा।
डॉ. नरेन्द्र मल्होत्रा और डॉ. सुषमा गुप्ता ने बताया कि 21 मार्च को सुबह 10.30 बजे से प्रजनन, बांझपन, कॉस्मेटिक एंड स्थेटिक गाइनी, अट्रासाउंड, पीपीएच, क्रिटिकल केयर वर्कशॉप का आयोजन किया जाएगा। रवि वुमैन हॉस्पिटल में एंडोस्कोपी वर्कशॉप होगी। 23 मार्च को अपराह्न तीन बजे से पब्लिक फोरम का आयोजन होगा, जिसमें प्लास्टिक प्रदूषण, नियमित स्वास्थ्य जांच, मानसिक स्वास्थ्य, कैंसर के विषय में जागरूकता जैसे विषयों पर चर्चा होगी। इसके मुख्य अतिथि पूरन डावर होंगे।
इस अवसर पर डॉ. अनुपम गुप्ता, डॉ. शिखा सिंह, डॉ. निधि गुप्ता, डॉ. पूनम यादव, डॉ. निहारिका मल्होत्रा डॉ. रत्ना शर्मा, डॉ. हेमा सडाना, डॉ. मनीषा गुप्ता, डॉ. नीलम रावत, डॉ. मोहिता पैंगोरिया, डॉ. मीनल जैन, डॉ. उर्वशी, डॉ. अनु पाठक, डॉ. अभिलाषा यादव, डॉ. आकांक्षा गुप्ता, डॉ. आरती मनोज, डॉ. सीमा सिंह, डॉ. रत्ना शर्मा, डॉ. सविता त्यागी आदि उपस्थित रहे।