मोती कटरा जैन मंदिर में भगवान महावीर स्वामी जन्म कल्याणक पर 5 दिन का समारोह, 31 को रथयात्रा
आगरा। भगवान महावीर स्वामी के 2625वें जन्म कल्याणक महोत्सव को लेकर मोती कटरा क्षेत्र में तैयारियां चरम पर पहुंच गई हैं। श्री महावीर स्वामी दिगंबर जैन मंदिर, मोती कटरा में आयोजित प्रेस वार्ता में आयोजन समिति ने 28 मार्च से 3 अप्रैल 2026 तक चलने वाले पांच दिवसीय महोत्सव की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की। कार्यक्रम की शुरुआत मंगलाचरण से हुई और रथोत्सव समिति द्वारा महोत्सव पत्रिका का विधिवत विमोचन किया गया।
रथयात्रा संयोजक अनंत कुमार जैन ने बताया कि 28 मार्च को प्रातः पूजा-अभिषेक, पंच परमेष्ठी विधान और रात्रि में सोलह स्वप्न एवं गर्भ कल्याणक कार्यक्रमों के साथ महोत्सव का शुभारंभ होगा।
29 मार्च को संत निवास, जती कटरा में महिला मंडलों द्वारा मेहंदी, गोदभराई, नृत्य-भजन जैसे सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिससे महोत्सव में उल्लास और भक्ति का संगम देखने को मिलेगा।
महोत्सव का मुख्य आकर्षण 31 मार्च को प्रातः 8:30 बजे निकलने वाली भव्य रथयात्रा होगी, जो हनुमान चौराहा स्थित मंदिर से प्रारंभ होकर मोती कटरा, हींग की मंडी, शू मार्केट, अग्रसेन चौक, दरेसी, किनारी बाजार, जौहरी बाजार, बेलनगंज और धूलियागंज होते हुए एमडी जैन इंटर कॉलेज, हरीपर्वत पहुंचेगी।
रथयात्रा में 5 भव्य रथ, घोड़े-ऊंट, ढोल-नगाड़े, पंजाबी बैंड, मयूर नृत्य और 35 आकर्षक झांकियां शामिल होंगी। श्रद्धालुओं के लिए मार्ग में जलपान की विशेष व्यवस्था भी की जाएगी।
1 अप्रैल को रथयात्रा की वापसी और अभिषेक होंगे, जबकि 3 अप्रैल को अभिषेक, शांतिधारा, महावीर विधान और सम्मान समारोह के साथ महोत्सव का समापन किया जाएगा।
आयोजन समिति ने बताया कि कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए विभिन्न उपसमितियां गठित की गई हैं, जो सुरक्षा, स्वच्छता और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखेंगी।
प्रेस वार्ता में अजीत प्रसाद जैन, अरुण पाटनी, प्रवीन जैन, मनोज जैन बल्लो, मुरारी लाल जैन, संजीव जैन, रविंद्र जैन, राजकुमार जैन, जितेंद्र जैसवाल और मीडिया प्रभारी शुभम जैन सहित रथोत्सव समिति के पदाधिकारी एवं समाज के गणमान्यजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।