आगरा के दयालबाग में 501वां मेगा हेल्थ कैंप, स्वास्थ्य, पोषण और शिक्षा का संगम
आगरा। दयालबाग एजुकेशनल इंस्टीट्यूट (डीईआई) की एनएसएस इकाइयों ने सेवा और समर्पण की मिसाल पेश करते हुए दयालबाग में रविवार को 501वां निःशुल्क चिकित्सा एवं सहायता शिविर आयोजित किया। इस आयोजन में शहर की महापौर हेमलता दिवाकर ने विशेष अतिथि के रूप में भाग लिया और संस्थान के निरंतर सेवा कार्यों की सराहना की।
कार्यक्रम में निदेशक प्रो. सी. पटवर्धन, रजिस्ट्रार प्रो. संजीव स्वामी और सरन अस्पताल के मेडिकल ऑफिसर डॉ. एस. के. सत्संगी की उपस्थिति रही। शिविर का संयोजन एनएसएस समन्वयक डॉ. सुनेश्वर प्रसाद, वरिष्ठ कार्यक्रम अधिकारी डॉ. सनिल कुमार एवं कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अनीशा सत्संगी द्वारा किया गया।
शिविर में एलोपैथी, होम्योपैथी और आयुर्वेदिक पद्धतियों के माध्यम से व्यापक चिकित्सा सेवाएं प्रदान की गईं। इसमें नेत्र विशेषज्ञ, बाल रोग विशेषज्ञ, हृदय रोग विशेषज्ञ, ईएनटी विशेषज्ञ, दंत चिकित्सक और फिजियोथेरेपिस्ट सहित कई विशेषज्ञ डॉक्टरों ने मरीजों का परीक्षण किया।
मरीजों की सुविधा के लिए ब्लड प्रेशर, शुगर लेवल, हीमोग्लोबिन सहित विभिन्न जांचें नि:शुल्क की गईं और आवश्यक दवाओं का वितरण भी किया गया। बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए हाई प्रोटीन मिल्क, च्यवनप्राश और थ्रेप्टिन बिस्कुट वितरित किए गए।
शिविर में ‘होल इन वॉल’ कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों को डिजिटल शिक्षा दी गई, जबकि आध्यात्मिक वातावरण के लिए गीता पाठ का आयोजन भी निरंतर चलता रहा, जिससे सेवा के साथ संस्कारों का भी समावेश दिखा।
कार्यक्रम के समापन पर डॉ. सुनेश्वर प्रसाद ने महापौर एवं समस्त चिकित्सा टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संस्थान का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य और शिक्षा की पहुंच सुनिश्चित करना है। उन्होंने 501वें शिविर को एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए सभी सहयोगियों का धन्यवाद किया।