आगरा के शमसाबाद में घर के बाहर खेलती 7 वर्षीय बच्ची रहस्यमय ढंग से लापता, खेतों में पुलिस का सघन सर्च ऑपरेशन
आगरा। आगरा के शमसाबाद थाना क्षेत्र में मंगलवार को उस वक्त खलबली मच गई, जब घर के बाहर खेल रही 7 वर्षीय बच्ची अचानक रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गई। मासूम के अचानक गायब होने की सूचना मिलते ही पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। परिजन बदहवास होकर बच्ची को ढूंढते रहे, वहीं सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया।

लापता बच्ची की पहचान 7 वर्षीय अनु के रूप में हुई है। बच्ची के पिता सत्य प्रकाश शर्मा ने पुलिस को बताया कि अनु रोज की तरह घर के बाहर खेल रही थी, लेकिन कुछ देर बाद जब उस पर नजर पड़ी तो वह वहां मौजूद नहीं थी। परिजनों और आसपास के लोगों ने मोहल्ले, गलियों और संभावित स्थानों पर तलाश की, लेकिन बच्ची का कोई सुराग हाथ नहीं लगा।
परिजनों ने यह भी बताया कि अनु मानसिक रूप से कुछ कमजोर है, जिससे उनकी चिंता और भी बढ़ गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए शमसाबाद थाना पुलिस ने बिना देर किए गुमशुदगी का मामला दर्ज कर लिया और बच्ची की तलाश के लिए कई पुलिस टीमें गठित कर दी गईं।
घटना की सूचना मिलते ही डीसीपी ईस्ट अभिषेक अग्रवाल स्वयं मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उनके निर्देश पर आसपास के खेतों, खाली प्लॉटों और संदिग्ध स्थानों पर सघन कॉम्बिंग अभियान शुरू किया गया। कई थानों का पुलिस बल मौके पर तैनात है और स्थानीय लोगों से गहन पूछताछ की जा रही है।
डीसीपी अभिषेक अग्रवाल ने बताया कि बच्ची की सुरक्षित बरामदगी पुलिस की पहली प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि हम हर संभावित एंगल से जांच कर रहे हैं। कई टीमें लगातार सर्च ऑपरेशन में लगी हैं और जल्द ही बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया जाएगा।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए हर पहलू पर नजर बनाए हुए है। इलाके में पुलिस की मौजूदगी बढ़ा दी गई है और परिजन उम्मीद लगाए बैठे हैं कि उनकी मासूम बेटी जल्द ही सुरक्षित घर लौट आएगी।