फर्जी ‘डीसीपी कॉल’ के बहाने 72 वर्षीय बुजुर्ग को धमकाया, बहू पर एफआईआर, कॉल रिकार्डिंग से होगा खुलासा
आगरा। आगरा में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक 72 वर्षीय सेवानिवृत्त सरकारी कर्मचारी को फर्जी पुलिस पहचान के नाम पर लगातार धमकाए जाने का आरोप उसकी ही पुत्रवधू पर लगा है। शाहगंज थाना क्षेत्र निवासी रामनरायन ने अपनी बहू निधि वर्मा के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज कराई है।
आगरा। आगरा में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक 72 वर्षीय सेवानिवृत्त सरकारी कर्मचारी को फर्जी पुलिस पहचान के नाम पर लगातार धमकाए जाने का आरोप उसकी ही पुत्रवधू पर लगा है। शाहगंज थाना क्षेत्र निवासी रामनरायन ने अपनी बहू निधि वर्मा के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज कराई है।
रामनरायन ने बताया कि उन्हें कई बार एक व्यक्ति द्वारा कॉल की गई, जो खुद को डीसीपी नगर कार्यालय का कर्मचारी ‘नेपाल सिंह’ बताता था। कॉल करने वाला व्यक्ति सरकारी कार्रवाई का हवाला देकर उन्हें धमकाता था। सत्यापन के लिए जब पीड़ित डीसीपी नगर कार्यालय पहुंचे तो पता चला कि ‘नेपाल सिंह’ नाम का कोई भी कर्मचारी मौजूद नहीं है। इससे साफ हो गया कि कॉल फर्जी पहचान से ही की जा रही थी।
अलग रह रही बहू पर धमकाने का आरोप
पीड़ित बुजुर्ग का आरोप है कि कई वर्षों से पति से अलग रह रही उनकी पुत्रवधू निधि वर्मा दो अलग-अलग मोबाइल नंबरों से फोन कर उन्हें और उनके बेटे अनुज कुमार को गालियां देती है, मानसिक रूप से प्रताड़ित करती है और लगातार धमकाती है।
जान से मरवाने, झूठे केस में फंसाने की धमकी
रामनरायन ने बताया कि आरोपी बहू ने उन्हें जान से मरवाने, झूठे मुकदमे में फंसाने और आवास में आग लगाने तक की धमकियां दी हैं। उनके अनुसार, कई बार धमकियां देने के दौरान बहू ने फर्जी नाम और पहचान का भी इस्तेमाल किया। पीड़ित का दावा है कि बहू की ओर से किए गए अभद्र कॉल व धमकियों की कई ऑडियो रिकॉर्डिंग उनके पास सुरक्षित हैं, जिन्हें पुलिस को उपलब्ध कराया जाएगा।
पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की
शाहगंज थाना प्रभारी के मुताबिक शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस अब कॉल डिटेल्स, मोबाइल नंबर, ऑडियो रिकॉर्डिंग और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।