आगरा कॉलेज में 75 प्रतिशत उपस्थिति अनिवार्य, लापरवाही पर परीक्षा फॉर्म से वंचित होने की चेतावनी

उत्तर प्रदेश शासन एवं विश्वविद्यालय के निर्देशों के अनुपालन में आगरा कॉलेज ने शैक्षणिक सत्र 2025–26 के लिए सभी छात्र–छात्राओं की न्यूनतम 75 प्रतिशत उपस्थिति अनिवार्य कर दी है। महाविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि उपस्थिति में लापरवाही बरतने वाले विद्यार्थियों को परीक्षा फॉर्म भरने से वंचित किया जा सकता है।

Jan 13, 2026 - 20:09
 0
आगरा कॉलेज में 75 प्रतिशत उपस्थिति अनिवार्य, लापरवाही पर परीक्षा फॉर्म से वंचित होने की चेतावनी

आगरा। आगरा कॉलेज, आगरा के समस्त छात्र–छात्राओं को सूचित किया गया है कि उत्तर प्रदेश शासन एवं संबंधित विश्वविद्यालय द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार शैक्षणिक सत्र 2025–26 में सभी नियमित कक्षाओं में न्यूनतम 75 प्रतिशत उपस्थिति अनिवार्य होगी।

महाविद्यालय प्रशासन द्वारा यह भी स्पष्ट किया गया है कि 06 जनवरी 2026 से सभी संकायों एवं विभागों में नियमित रूप से कक्षाओं का संचालन प्रारंभ हो चुका है। ऐसे में सभी छात्र–छात्राओं को निर्देशित किया गया है कि वे अपने-अपने संबंधित विभागों में समयबद्ध रूप से उपस्थित होकर कक्षाओं में सहभागिता सुनिश्चित करें।

सूचना में यह भी कहा गया है कि जिन छात्र–छात्राओं की उपस्थिति निर्धारित 75 प्रतिशत से कम पाई जाती है, उन्हें विश्वविद्यालय के नियमों के अनुसार परीक्षा फॉर्म भरने से वंचित किया जा सकता है। ऐसी स्थिति में उत्पन्न होने वाली किसी भी असुविधा या शैक्षणिक हानि की सम्पूर्ण जिम्मेदारी संबंधित छात्र–छात्रा की स्वयं की होगी।

महाविद्यालय प्रशासन ने विद्यार्थियों से अपील की है कि वे शैक्षणिक अनुशासन का पालन करते हुए नियमित रूप से कक्षाओं में उपस्थित रहें, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े।

SP_Singh AURGURU Editor