बरेली में अपने ही थाने में दस हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा गया दरोगा

-आरके सिंहः बरेली। भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए भ्रष्टाचार निवारण संगठन बरेली की टीम ने शुक्रवार को बड़ी सफलता हासिल की। संगठन की ट्रैप टीम ने थाना फरीदपुर में तैनात उप निरीक्षक सुनील कुमार वर्मा को 10,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी दरोगा को थाने के अंदर ही दबोचा गया, जिससे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।

Jun 20, 2025 - 18:56
 0
बरेली में अपने ही थाने में दस हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा गया दरोगा
रिश्वत लेते गिरफ्तार दरोगा सुनील कुमार वर्मा।

मुकदमे को हल्का करने के लिए मांगी थी रिश्वत

भ्रष्टाचार निवारण संगठन के पुलिस उपाधीक्षक यशपाल सिंह ने बताया कि शिकायतकर्ता रेहान अंसारी, निवासी ग्राम भगवन्तापुर थाना फरीदपुर, ने उप निरीक्षक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। रेहान के अनुसार, थाना फरीदपुर में दर्ज मु.अ.सं. 249/2025 धारा 109(1), 351(2), 351(3) BNS की विवेचना में आरोपी दरोगा द्वारा मुल्जिमों को लाभ पहुंचाने और मुकदमा हल्का करने के नाम पर 10,000 रुपये की मांग की गई थी।

टीम ने रंगे हाथ धर दबोचा

शिकायत की पुष्टि के बाद भ्रष्टाचार निवारण संगठन की ट्रैप टीम प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सान्याल के नेतृत्व में कार्रवाई की गई। शुक्रवार दोपहर जैसे ही उप निरीक्षक सुनील कुमार वर्मा ने 10,000 रुपये की रिश्वत ली, टीम ने तत्काल दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी थाना परिसर में ही हुई, जो इस कार्रवाई को और चौंकाने वाला बनाता है।

गिरफ्तार दरोगा सुनील कुमार वर्मा मूल रूप से ग्राम रसीदपुर गढ़ी, थाना कोतवाली शहर, जनपद बिजनौर का रहने वाला है और वर्तमान में विष्णु विहार कॉलोनी, ज्वालानगर, थाना सिविल लाइन, जिला रामपुर में रहता है।

SP_Singh AURGURU Editor